राजनांदगांव।
राष्ट्रमंडल खेल (कॉमनवेल्थ गेम्स) 2026 में वेटलिफ्टिंग में रजत पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाली छत्तीसगढ़ पुलिस की उपनिरीक्षक (ASI) ज्ञानेश्वरी यादव का राजनांदगांव पुलिस द्वारा भव्य नागरिक अभिनंदन एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस लाइन स्थित मंगल भवन में आयोजित “A Felicitation & Interaction Session for Girls and Women” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डोंगरगढ़ विधायक श्रीमती हर्षिता बघेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, पुलिस महानिरीक्षक श्री अजय यादव, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, सीएसपी वैशाली जैन, डीएसपी मंजुला बाज तथा ज्ञानेश्वरी यादव के माता-पिता की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह में जिले की महिला पुलिस कर्मियों, अधिवक्ताओं, सीए, महिला उद्यमियों, लायनेस क्लब, वुमेनिया ऑर्गेनाइजेशन, जीटो वूमेन विंग और विभिन्न स्कूलों व कोचिंग संस्थानों की छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। संवाद सत्र के दौरान ज्ञानेश्वरी यादव ने अपने अंतरराष्ट्रीय सफर, माता-पिता के त्याग, मानसिक मजबूती और लक्ष्य के प्रति समर्पण की कहानी साझा की। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर के मानसिक दबाव से निपटने तथा प्रतियोगिता के दौरान विपरीत शारीरिक परिस्थितियों के बावजूद अपनी मानसिक दृढ़ता से रजत पदक जीतने का भावुक अनुभव सुनाया। उन्होंने कहा कि पदक तालिका में भारतीय तिरंगे का लहराना और राष्ट्रगान की धुन गूंजना उनके जीवन का सबसे गौरवान्वित करने वाला पल था।
कार्यक्रम में उपस्थित विधायक श्रीमती हर्षिता बघेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, आईजी श्री अजय यादव एवं एसपी सुश्री अंकिता शर्मा ने भी ज्ञानेश्वरी से संवाद कर उनके अनुभवों को जाना। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने क

हा कि ज्ञानेश्वरी की यह संघर्षगाथा समाज की हर बेटी में आत्मविश्वास और आगे बढ़ने का जज्बा जगाने का काम करेगी। छत्तीसगढ़ पुलिस परिवार अपनी इस होनहार बेटी की उपलब्धि पर हमेशा गौरवान्वित महसूस करता रहेगा। अंत में ज्ञानेश्वरी यादव एवं उनके माता-पिता को स्मृति चिन्ह व पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़







