डिंडौरी मध्यप्रदेश
अपर कलेक्टर जे.पी. यादव की कार्रवाई, 7 दिन में जवाब नहीं देने पर एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी
डिंडौरी, 12 मार्च 2026।
जिले के शासकीय कार्यालयों में अनुशासन, समयपालन और कार्यों की नियमितता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा लगातार औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कलेक्टर अंजू भदौरिया के निर्देश पर गुरुवार को अपर कलेक्टर जे.पी. यादव ने सहायक संचालक मत्स्योद्योग कार्यालय, डिंडौरी का औचक निरीक्षण किया।
अपर कलेक्टर ने प्रातः लगभग 10:13 से 10:30 बजे के बीच कार्यालय पहुंचकर वहां की उपस्थिति और कार्य व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में आर.के. चंदेल (F.I.F.O.), बी.के. सिरसाम (F.I.), डी.एन. अहिरवार (F.I.), विशाल शरणागत (F.I.), जयप्रकाश धुर्वे (L.D.C.) तथा दशरथ प्रसाद वरकड़े (वॉचमैन) उपस्थित पाए गए।
वहीं निरीक्षण के समय समीधा पराशर (L.D.C.) बिना पूर्व अनुमति के कार्यालय से अनुपस्थित पाई गईं। इसे कर्तव्य के प्रति उदासीनता और लापरवाही मानते हुए प्रशासन ने संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जारी नोटिस में उल्लेख किया गया है कि बिना अनुमति कार्यालय से अनुपस्थित रहना मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 का उल्लंघन है। इस आधार पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 तथा संविदा सेवा शर्तों के तहत संबंधित कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि संबंधित कर्मचारी नोटिस प्राप्ति की तिथि से 7 दिवस के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करें अन्यथा नियमानुसार एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर अंजू भदौरिया ने जिले के सभी कार्यालय प्रमुखों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे कार्यालयीन कार्यों में अनुशासन और समयपालन को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित होकर अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें, ताकि आम नागरिकों को शासकीय सेवाएं समयबद्ध और बेहतर तरीके से उपलब्ध हो सकें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट अखिलेश झारिया







