डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
मेंहदवानी में अवैध मुरुम उत्खनन पर प्रशासन की चुप्पी, लापरवाही या मूक सहमति?
जेसीबी से खुदाई, डंपर-ट्रैक्टरों से खुलेआम परिवहन — सूचना के बाद भी कार्रवाई शून्य, कई गांवों में दिनों से जारी खनन
मेहंदवानी/डिंडोरी।
मेंहदवानी विकासखंड अंतर्गत ग्राम मेंहदवानी, सुड़गांव, पारापानी और कठौतिया में अवैध मुरुम उत्खनन का खेल बेखौफ जारी है। क्षेत्र में जेसीबी मशीनों से बड़े पैमाने पर मुरुम की खुदाई की जा रही है, जबकि डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से उसका खुलेआम परिवहन किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि स्थानीय ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने के बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह अवैध गतिविधि पिछले कई दिनों से लगातार चल रही है। दिन-रात चल रही मशीनों की आवाज और भारी वाहनों की आवाजाही से क्षेत्र की सड़कों को नुकसान पहुंच रहा है। साथ ही पर्यावरण संतुलन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब प्रशासन और खनिज विभाग को इसकी जानकारी दी जा चुकी है, तो फिर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? क्या यह महज प्रशासनिक लापरवाही है या फिर किसी प्रभावशाली संरक्षण में यह अवैध उत्खनन फल-फूल रहा है? क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही अवैध उत्खनन और परिवहन पर तत्काल रोक लगाने की अपील की है, ताकि क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा और सड़कों को और अधिक नुकसान से बचाया जा सके।







