फिरोजाबाद
अश्वनी जैन को राज्य अध्यापक पुरस्कार में नामित होने पर डीआईओएस ने किया सम्मानित
सिरसागंज:- जनपद फिरोजाबाद के श्री महावीर दिगम्बर जैन इंटर कॉलेज, सिरसागंज के नागरिक शास्त्र के प्रवक्ता अश्वनी कुमार जैन को मानविकी वर्ग में महामहिम राज्यपाल द्वारा राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। अश्वनी कुमार जैन को यह पुरस्कार विद्यालय में अपने विषय में विद्यार्थियों के नामांकन बढ़ाने, नागरिक शास्त्र विषय को रुचिकर बनाने, उसमें नवाचार करने नागरिक शास्त्र मेला, भारतीय संसद का निर्माण, संविधान प्रस्तावना पाठ, संविधान क्विज, संविधान पोस्टर प्रतियोगिता, पैनल बोर्ड से वीडियो के माध्यम से अध्ययन, शैक्षिक भ्रमण, टी एल एम से विद्यार्थियों को अध्ययन, विद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताओं में योगदान, महापुरुषों की जयंती एवं राष्ट्रीय पर्वों पर मंच संचालक की भूमिका का निर्वहन, नगर पालिका परिषद सिरसागंज के स्वच्छ भारत अभियान के ब्राण्ड एम्बेसडर की भूमिका में स्वच्छता संबंधी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन, वृक्षारोपण कार्यक्रम, सड़क सुरक्षा, मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम, आजादी का अमृत महोत्सव, विद्यार्थियों को संसद, चुनाव आदि की जानकारी एवं सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका प्रदान करने के लिए दिया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक, फिरोजाबाद धीरेन्द्र कुमार ने उन्हें शुभकामनाएं प्रदान करते हुए बताया कि जैन कई वर्षों से इस पुरस्कार के प्रतिभागी रहे, वह विज्ञान और शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं। वह जिला विज्ञान क्लब के जिला समन्वयक भी हैं और उन्होंने अपने व जिले के विभिन्न विद्यालयों में एक हजार से अधिक विज्ञान प्रदर्शनियां एवं गतिविधियां आयोजित की हैं। उनके द्वारा विद्यालय में सभी गतिविधियों में पूर्ण सक्रियता रहती है। जनपद में माध्यमिक शिक्षा विभाग से पहली बार राज्य स्तर पर शिक्षक का चयन हुआ है। यह जनपद के लिए गौरव का क्षण है।
अश्वनी कुमार जैन ने जिला विद्यालय निरीक्षक, फिरोजाबाद धीरेन्द्र कुमार के साथ समस्त जनप्रतिनिधियों, समस्त प्रशासनिक अधिकारियों, जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक साथी, विद्यालय की प्रबन्ध समिति, समस्त विद्यालय परिवार, समस्त मीडिया वर्ग का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि काम ही पहचान है, उनका प्रयास सदैव यह रहा है कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ प्रायोगिक और सृजनात्मक अनुभव मिल सके। उन्होंने कहा कि शिक्षक का कर्तव्य केवल किताबें पढ़ाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करना भी है। इस अवसर पर कौशलेन्द्र मिश्रा, सुरेश कुमार, सोनवीर सिंह राठौर, महीपाल सिंह, राजकपूर, देवेन्द्र सिंह, तरुणा सिंह, श्वेता सिंह,दिनेश चाहर, प्रदीप सिंह, सुनील कुमार, सुरेश सिंह, मुकेश शुक्ला, अशोक उपाध्याय आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट मनोज कुमार शर्मा फिरोजाबाद

