हेडलाइन:
सोना-चांदी के बढ़ते दामों का फायदा उठाकर सक्रिय हुआ गिरोह, चंदवासा के व्यापारी दबाव में
मंदसौर जिले में सोने और चांदी के दाम रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद अब एक नया खतरा सामने आया है। बढ़ते भाव का फायदा उठाकर एक संगठित गिरोह सक्रिय हो गया है, जो सालों पुरानी गिरवी रखी चांदी और सोने को लेकर व्यापारियों पर दबाव बना रहा है। इससे जिले के सर्राफा व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
चंदवासा सहित आसपास के इलाकों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जहां गिरवी रखे पुराने आभूषणों को लेकर व्यापारियों को जबरन परेशान किया जा रहा है। व्यापारियों का आरोप है कि भाव बढ़ते ही कुछ संदिग्ध लोग गिरोह बनाकर सक्रिय हो गए हैं और डराने-धमकाने की कोशिश कर रहे हैं।
इसी गंभीर स्थिति को लेकर आज चंदवासा के सर्राफा व्यापारियों ने एकजुट होकर चौकी प्रभारी मनोज महाजन को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने गिरोह पर कार्रवाई और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
वहीं चंदवासा चौकी प्रभारी मनोज महाजन ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
फिलहाल व्यापारियों को उम्मीद है कि प्रशासन की सख्ती से इस गिरोह पर जल्द लगाम लगेगी और वे बिना भय के अपना व्यवसाय कर सकेंगे।
रिपोर्टर अनिल पोरवाल जितेंद्र सिंह की रिपोर्ट







