रायपुर पुलिस, कबीर नगर थाना की बड़ी कार्रवाई: कबीर नगर पुलिस ने मुंबई, इंदौर और बिलासपुर से दबोचे तीन शातिर आरोपी
रायपुर, 21 दिसंबर 2025: राजधानी की कबीर नगर थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुंबई, इंदौर और बिलासपुर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में आईटी एक्ट का फरार अपराधी, लाखों की ठगी करने वाला जालसाज और फिल्म पायरेसी करने वाला आरोपी शामिल है।
1. मुंबई से गिरफ्तार: 3 साल से फरार अश्लील कंटेंट फैलाने वाला आरोपी
पुलिस ने आईटी एक्ट के एक पुराने मामले में सफलता हासिल की है। आरोपी रोशन अलमला उर्फ अमित (26 वर्ष) पर आरोप है कि उसने वर्ष 2022 में सोशल मीडिया पर महिलाओं और बच्चों से संबंधित अश्लील सामग्री वायरल की थी। एनसीआरबी (NCRB) नई दिल्ली की टिप-लाइन से मिली सूचना पर मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही आरोपी फरार था, जिसे पुलिस टीम ने नवी मुंबई (महाराष्ट्र) के पनवेल में दबिश देकर गिरफ्तार किया।
2. इंदौर से गिरफ्तार: निवेश के नाम पर 46 लाख की धोखाधड़ी
ठगी के एक बड़े मामले में पुलिस ने इंदौर से अब्दुल मुशाहिद खान (51 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। प्रार्थी सुमित कुमार शुक्ला को ‘HSBC Asset Management’ नामक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का लालच दिया गया था। शातिरों ने प्रार्थी से कुल 46 लाख रुपये की ठगी की। विवेचना में पाया गया कि ठगी की राशि में से करीब 22.42 लाख रुपये आरोपी अब्दुल की ‘नेशनल ट्रेडर्स’ नामक कंपनी के खाते में ट्रांसफर किए गए थे।
3. बिलासपुर से गिरफ्तार: छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘सुहाग’ की पायरेसी और अवैध बिक्री
फिल्म जगत को आर्थिक नुकसान पहुँचाने वाले एक मामले में पुलिस ने तुलेश्वर साहू (25 वर्ष) को बिलासपुर से गिरफ्तार किया। प्रार्थी श्रेयांग शर्मा (आरूग म्यूजिक) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी फिल्म ‘सुहाग’ की पायरेसी कर उसे टेलीग्राम और व्हाट्सएप ग्रुप्स के माध्यम से मात्र 30-30 रुपये में बेचा जा रहा है। आरोपी अपने ‘CG Cinema’ चैनल के जरिए अवैध रूप से फिल्म का प्रसारण कर मुनाफा कमा रहा था।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

