सतना मध्य प्रदेश
राज्यमंत्री ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश
सतना 11 अक्टूबर 2026/प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत रविवार को उप जेल नागौद में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन की नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने सहभागिता की। इस अवसर पर राज्यमंत्री श्रीमती बागरी ने जेल परिसर में उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए जेल में सकारात्मक, अनुशासित एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उपलब्ध संसाधनों का सदुपयोग करते हुए जनकल्याणकारी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के संबंध में अपने विचार साझा किए।
राज्यमंत्री ने कहा कि जेल व्यवस्था में सुधारात्मक दृष्टिकोण अपनाना महत्वपूर्ण है। बंदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने, उन्हें अनुशासन एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने तथा समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने स्वस्थ वातावरण और सकारात्मक सोच को बेहतर जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य जागरूकता, अनुशासन तथा बंदियों के सामाजिक पुनर्वास से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर सहायक जेल अधीक्षक आशीष मंजना सहित जेल प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं उपस्थितजन मौजूद रहे।
सडक सुरक्षा समिति की बैठक आज
सतना 11 अक्टूबर 2026/जिला स्तरीय सडक सुरक्षा समिति सतना की बैठक कलेक्टर डॉ.. सतीश कुमार एस की अध्यक्षता में 12 अक्टूबर को टीएल बैठक के पश्चात कलेक्ट्रेट सभाकक्ष सतना में आयोजित की जायेगी। बैठक में रोड सेफ्टी, हिट एण्ड रन, पीएम राहत, जीरो फेटेल्टी एवं कैशलेस ट्रीटमेंट, सीटबेल्ट एवं हेलमेट लगाने तथा यातायात नियमों एवं ब्लैक स्पाट और अन्य दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा उपायों के संबंध में समीक्षा की जायेगी। जिला सडक सुरक्षा समिति एवं कार्यपालन यंत्री के सचिव ने बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों को उपस्थित रहने का आग्रह किया है।
प्रशांत त्रिपाठी सतना ब्यूरो








