
मनोज पांडेय
प्रयागराज। सरस्वती विद्या मंदिर सर्वोदय नगर की मीडिया प्रभारी कुमारी श्रेया सिंह के अनुसार आज दिनांक 17 दिसंबर 2025 दिन बुधवार को विद्यालय सभागार में विद्यालय के ही पूर्व छात्र भैया अंश त्रिपाठी को उनके कौशल और प्रसिद्धि के लिए सम्मानित किया गया। प्रतिदिन की वंदना व्यवस्था के अंतर्गत आज यह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि शेषधर द्विवेदी (प्रदेश निरीक्षक भारतीय शिक्षा समिति पूर्वी उ. प्र.) एवं सुमंत पाण्डेय का आगमन हुआ। सभी महानुभावों ने माँ सरस्वती के समक्ष दीपार्चन एवं पुष्पार्चन कर वंदना की गई तत्पश्चात विद्यालय के यशस्वी प्रधानाचार्य सुरेश चंद्र तिवारी ने सभी अतिथियों महानुभावों का परिचय एवं सम्मान कराते हुए अभिनंदन किया। आए हुए अतिथि महानुभावों ने विद्यालय के गौरव एवं भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा 12 दिसम्बर को सम्मानित पूर्व छात्र युवा वैज्ञानिक भैया अंश त्रिपाठी को स्मृति चिन्ह, पुरस्कार एवं अंग वस्त्र देकर भैया को प्रदेश निरीक्षक शेषधर द्विवेदी एवं श्रीमान सुमंत पाण्डेय ने सम्मानित किया। तत्पश्चात भैया अंश त्रिपाठी ने गृह मंत्रालय द्वारा दिए गए उनके सम्मान को सभी के सामने प्रदर्शित किया। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता चार स्तर:- जिला स्तर, राज्य स्तर जोन स्तर एवं राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित की जाती है जिसमे उनका स्थान जिला स्तर दूसरा, शेष तीनों स्तर पर प्रथम स्थान आया है। जिसके परिणाम स्वरुप उनको भारत सरकार के गृहमंत्री अमित शाह द्वारा उन्हें राष्ट्रपति भवन दिल्ली सम्मानित किया और 26 जनवरी 2026 भैया अंश त्रिपाठी का चयन शौर्य सम्मान के लिए भी किया गया है। यह विद्यालय के लिए गौरव की बात है। तत्पश्चात आए हुए मुख्य अतिथि शेषधर द्विवेदी ने बच्चों को संबोधित करते हुए बच्चों को जगदीश चंद्र बसु के जीवन से जुड़ी कथाएं बतायी और बताया कि अपनी जिज्ञासाओं को निरंतर सही दिशा देते हुए उनको सफल बनाना चाहिए और अपने प्रारम्भिक जीवन से ही शिक्षा के साथ ही साथ संस्कार को भी सीखना चाहिए। विद्या भारतीय के विद्यालयों में इसलिए संस्कार युक्त शिक्षा देने की व्यवस्था चलाई जा रही है। अतिथि सुमंत पाण्डेय ने स्वामी रामकृष्ण परमहंस एवं स्वामी विवेकानंद के प्रसंग द्वारा भैया बहिनों को गुरु शिष्य परम्परा व माता के दृष्टिकोण से शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य अनिल कुमार जायसवाल ने आए हुए अतिथियों महानुभावों का आभार ज्ञापित किया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के व्यवस्था प्रमुख विजय अभिनंदन मिश्रा, कार्यक्रम प्रमुख ज्योति सिंह, पूजा, वंदना प्रमुख श्रीमती शैल श्रीवास्तव एवं समस्त आचार्य परिवार एवं भैया /बहिन उपस्थित रहे।

