डिंडौरी मध्यप्रदेश

करंजिया (डिंडौरी)। जिले के करंजिया थाना क्षेत्र के तरेरा गांव में पांच दिन से लापता पांच वर्षीय मासूम इमरान खान का शव सोमवार को गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद होने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम कराया है। मौत के कारणों का खुलासा अब पोस्टमार्टम और मेडिको-लीगल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

जानकारी के अनुसार तरेरा निवासी इख्तियार खान 17 जून की सुबह करीब चार बजे लकड़ी बीनने जंगल गए थे। इसी दौरान उनका पांच वर्षीय पुत्र इमरान खान नींद से जागकर चुपचाप पिता के पीछे जंगल की ओर निकल गया। परिजनों को लगा कि बच्चा पिता के साथ है, जबकि पिता इस बात से पूरी तरह अनजान थे कि इमरान उनके पीछे-पीछे आ रहा है।

जब इख्तियार खान लकड़ी लेकर घर लौटे और बेटे के बारे में पूछा, तब परिजनों को उसके लापता होने की जानकारी मिली। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने गांव, खेतों और आसपास के जंगलों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में करंजिया थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर ग्रामीणों और वन विभाग के सहयोग से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। सोशल मीडिया के माध्यम से भी बच्चे की तस्वीरें साझा कर लोगों से जानकारी देने की अपील की गई थी।

सोमवार को तलाश के दौरान गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में मासूम का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। शव की स्थिति को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए चिकित्सकों की टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया, जहां पंचनामा और अन्य आवश्यक कार्रवाई की गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मासूम किसी हिंसक वन्यजीव का शिकार हुआ या उसके साथ कोई आपराधिक घटना हुई। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

पुलिस अधीक्षक ने क्या कहा

पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने बताया कि पिछले पांच दिनों से पुलिस, वन विभाग और ग्रामीणों की मदद से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। सोमवार को जंगल से बच्चे का शव बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया शव चार से पांच दिन पुराना प्रतीत हो रहा है, जिससे आशंका है कि गुमशुदगी के दिन या उसके अगले दिन ही उसकी मौत हो गई थी। उन्होंने कहा कि शव अत्यधिक डीकंपोज अवस्था में मिलने के कारण मौत के सही कारणों का पता मेडिको-लीगल रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। शव के कई हिस्सों में मिलने के संबंध में भी पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। साथ ही परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर हर संभावित एंगल पर तफ्तीश जारी है।

रिपोर्ट अखिलेश झारिया

Leave A Reply

Exit mobile version