डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
खबर का असर
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना: डिंडौरी के 196 श्रद्धालु करेंगे अयोध्या-काशी के दर्शन
डिंडौरी। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत जिले के बुजुर्ग श्रद्धालुओं को अयोध्या और काशी (वाराणसी) की तीर्थ यात्रा का अवसर मिलने जा रहा है। डिंडौरी जिले के लिए इस बार 196 बर्थ/सीट आवंटित की गई हैं। यात्रा 22 अक्टूबर से 27 अक्टूबर 2026 तक छह दिनों की होगी। योजना का लाभ 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे नागरिक ले सकेंगे, जो आयकरदाता नहीं हैं।
कलेक्टर कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार यात्रा के लिए पात्र एवं इच्छुक नागरिकों से 15 सितंबर 2026 तक आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। आवेदन निर्धारित प्रारूप में संबंधित नगरीय निकाय अथवा जनपद पंचायत कार्यालय में जमा किए जा सकेंगे। आवेदन के साथ आधार कार्ड और समग्र आईडी की छायाप्रति देना आवश्यक होगा।
नगर परिषद से 25-25, जनपदों से लिए जाएंगे 50-50 आवेदन
यात्रा के लिए नगर परिषद डिंडौरी और नगर परिषद शहपुरा से 25-25 आवेदन लिए जाएंगे। वहीं जनपद पंचायत डिंडौरी, अमरपुर, समनापुर, बजाग, करंजिया, शहपुरा और मेंहदवानी से 50-50 आवेदन प्राप्त किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। इस तरह निर्धारित संख्या में आवेदन एकत्र कर पात्रता के आधार पर आगे चयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जिले को अंतिम रूप से 196 यात्रियों की बर्थ आवंटित हैं।
प्राप्त आवेदनों को धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग द्वारा विकसित पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार चयनित यात्रियों की सूची आईआरसीटीसी भोपाल को उपलब्ध कराई जाएगी।
जबलपुर तक स्वयं पहुंचना होगा यात्रियों को
चयनित यात्रियों को यात्रा प्रारंभ करने के लिए बोर्डिंग स्टेशन जबलपुर तक स्वयं पहुंचना होगा। श्रद्धालुओं को मौसम के अनुरूप चादर, कंबल सहित व्यक्तिगत उपयोग की आवश्यक सामग्री साथ रखने की सलाह दी गई है। किसी विशेष सुविधा की आवश्यकता होने पर उसका खर्च संबंधित यात्री को स्वयं वहन करना होगा।
यात्रा के दौरान प्रत्येक यात्री के पास मूल आधार कार्ड अथवा वोटर आईडी होना अनिवार्य रहेगा। प्रशासन ने पात्र बुजुर्ग नागरिकों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना संबंधित निकाय अथवा जनपद पंचायत में आवेदन जमा करने की अपील की है।







