एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में थाना भखारा पुलिस की बड़ी कामयाबी, वर्ष 2012 में घर से लापता हुई 14 वर्षीय बालिका अब मिली 28 वर्षीय महिला के रूप में।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धमतरी के मार्गदर्शन में थाना भखारा पुलिस ने वर्ष 2012 से लापता बालिका को 14 साल बाद ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश से सकुशल दस्तयाब किया है। नाम और पहचान बदलने के बावजूद पुलिस ने NATGRID, सोशल मीडिया एवं तकनीकी साक्ष्यों की मदद से उसकी तलाश कर पुराने गुमशुदगी के मामले का निराकरण किया।

मामले के अनुसार, ग्राम सिलिडीह निवासी 14 वर्षीय बालिका 27 अक्टूबर 2012 को दोपहर करीब 1 बजे घर से मट्ठा लेने जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों की तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर थाना भखारा में अपराध क्रमांक 62/2013, धारा 363 भादवि के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

लंबे समय से लंबित इस मामले में बालिका द्वारा अपना नाम और पहचान बदल लेने के कारण उसकी पतासाजी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी। एसपी भावना पांडेय के निर्देश पर थाना भखारा पुलिस ने फेसबुक, इंस्टाग्राम, NATGRID सहित तकनीकी संसाधनों और सीडीआर/सीएएफ के विश्लेषण के माध्यम से लगातार तलाश जारी रखी। इसी दौरान जानकारी मिली कि महिला वर्तमान में सेक्टर डेल्टा-III, थाना देवला, ग्रेटर नोएडा में रह रही है।

सुराग मिलने पर थाना भखारा पुलिस की टीम ग्रेटर नोएडा रवाना हुई और 23 नवंबर 2026 को महिला को सकुशल दस्तयाब कर धमतरी लाई। वर्तमान में करीब 28 वर्ष की महिला ने न्यायालय प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट, कुरुद के समक्ष धारा 183 बीएनएसएस के तहत दर्ज कराए गए कथन में बताया कि वर्ष 2012 में वह अपनी मां के पास चली गई थी। इसके बाद आगरा एवं दिल्ली-नोएडा क्षेत्र में रहकर रोजी-मजदूरी करने लगी तथा बालिग होने के बाद वर्ष 2018 में विवाह कर लिया।

महिला ने अपने साथ किसी भी प्रकार की जोर-जबरदस्ती अथवा अपराध घटित होने से इनकार किया है।

14 साल पुराने गुमशुदगी के मामले को सुलझाने में धमतरी पुलिस की यह कार्रवाई तकनीकी दक्षता, सतत प्रयास और आधुनिक संसाधनों के प्रभावी उपयोग का उदाहरण है।

रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Comments are closed.

Exit mobile version