10 दिनों तक चलेगा पुलिस का महाअभियान

दंडात्मक कार्रवाई से पहलेशहडोल पुलिस ने पेश की मित्रता की मिसालनागरिकों से खुद स्टिकर हटाने की विनम्र अपील
शहडोल। -शहर की सडक़ों पर निजी वाहनों में म.प्र. शासन, भारत सरकार, प्रेस या पुलिस के बड़े-बड़े बोर्ड लगाकर धौंस जमाने और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के दिन अब पूरे हो चुके हैं। शहडोल पुलिस ने सडक़ों को अधिक अनुशासित, पारदर्शी और भयमुक्त बनाने के लिए एक ऐतिहासिक और सख्त कदम उठाया है। 1 अगस्त से 10 अगस्त तक पूरे जिले में 10 दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसका सीधा मकसद फर्जी वीआईपी संस्कृति को जड़ से उखाड़ फेंकना है। इस दूरगामी पहल को लेकर स्थानीय नागरिकों और नियम-पसंद वाहन चालकों में जबर्दस्त उत्साह देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि पुलिस का यह कदम सडक़ों पर फर्जी रौब दिखाने वाले असमाजिक तत्वों और नियमों को ताक पर रखने वालों को सही सीख देगा।
इन पर कसता जाएगा शिकंजा
पुलिस अधीक्षक कार्यालय के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना क्षेत्रों और यातायात पुलिस की संयुक्त टीमें शहर के मुख्य चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर सघन जांच करेंगी। चेकिंग के दौरान विशेष रूप से निजी गाडिय़ों पर अनधिकृत रूप से लिखे गए प्रेस, पुलिस, न्यायालय, म.प्र. शासन या भारत सरकार जैसे शब्द, मोनोग्राम व प्रतीक चिह्न। वाहनों पर नियम विरुद्ध लगी लाल, नीली, पीली फ्लैश लाइट और तेज हूटर। शीशों पर लगी काली झिल्ली (ब्लैक फिल्म) और डिजाइनर या अपठनीय नंबर प्लेट वाले वाहनों पर शिकंजा कसा जायेगा। पुलिस ने दो ट्रकों और चार पहिया वाहनों चालकों को स्पष्ट संदेश दिया है कि केवल गाड़ी पर कोई पदसूचक शब्द लिख लेने से किसी को कानून तोडऩे की छूट नहीं मिल जाती। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चालानी कार्रवाई के साथ-साथ वाहन जब्ती और कानूनी मुकदमे की सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
कार्रवाई से पहले जागरूकता
पुलिस प्रशासन ने एक जिम्मेदार और संवेदनशील बल का परिचय देते हुए दंडात्मक कार्रवाई शुरू करने से पहले ही नागरिकों को स्वत: सुधरने का अवसर दिया है। पुलिस ने अपील जारी करते हुए कहा है कि नागरिक कानून का सम्मान करते हुए अपने वाहनों से अनधिकृत स्टिकर, फ्लैशर और अमानक नंबर प्लेट खुद ही हटा लें। पुलिस की इस सकारात्मक और सहयोगी सोच से पूरे जिले में एक अनुशासित माहौल बन रहा है। आम जनता का मानना है कि इस अभियान से न सिर्फ यातायात व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि अपराध नियंत्रण और आम नागरिक की सुरक्षा में भी बहुत बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। *अजय पाल*

Comments are closed.

Exit mobile version