धमतरी। युवाओं को नशे के जाल से बचाने और जिले को नशामुक्त करने के लिए धमतरी पुलिस अधीक्षक (एसपी) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर पीजी कॉलेज ग्राउंड के पास घेराबंदी कर एक शातिर नशा तस्कर को रंगे हाथों दबोचा है।

पकड़े गए आरोपी की पहचान मुकेश कुमार साहू उर्फ बोनसी (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से रायपुर के बस स्टैंड के पीछे का निवासी है और वर्तमान में धमतरी के सोरिद नगर डीपोपारा में रह रहा था। पुलिस द्वारा वैधानिक प्रक्रिया के तहत ली गई तलाशी में आरोपी के पास से 4.76 ग्राम अवैध मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 90,000 रुपये से अधिक है। इसके अलावा पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल (कीमत 1.10 लाख रुपये), मोबाइल फोन और 30,000 रुपये नकद सहित कुल 2.30 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 21(ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को इस काले कारोबार के नेटवर्क और स्रोत से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं, जिसके आधार पर आगे की गहन विवेचना की जा रही है। इस बड़ी कार्यवाही के बाद धमतरी पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से अपील की है कि वे नशे के अवैध कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को दें, सूचनाकर्ता का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा। एसपी ने तस्करों को कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वालों के खिलाफ ऐसी सख्त वैधानिक कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।

रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव

ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version