श्रीमद्भागवत कथा के तृतीय दिवस उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद जी ने ऑडियो संदेश के माध्यम से दिया आशीर्वाद
गोटेगांव। श्रीधाम नगर में मणिनागेंद्र सिंह सैनिक स्कूल के समीप आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ के तृतीय दिवस श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूज्य कथाव्यास गौपीठाधीश्वर पंडित विपिन बिहारी जी महाराज ने कथा का रसपान कराते हुए कहा कि हरि नाम के स्मरण, भक्ति, समर्पण और सद्कर्मों से ही मानव जीवन सार्थक होता है। वेद-पुराणों का ज्ञान तभी फलदायी है, जब मनुष्य के हृदय में भगवान के नाम के प्रति अनुराग और भक्ति का भाव हो। हरि नाम एक बीज के समान है, जिसे भक्ति और समर्पण से सींचने पर जीवन में सद्संस्कार और पुण्य फलित होते हैं।
महाराज श्री ने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मध्यभारत की आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती भगवान की लीलाओं और उनकी कृपा से जुड़ी पावन भूमि है। भगवान की लीलाओं के दौरान संकट के क्षणों में मध्यभारत की धरती ने उन्हें आश्रय और सेवा प्रदान की। उन्होंने छुआछूत एवं जातिगत भेदभाव को धर्म की मूल भावना के विपरीत बताते हुए कहा कि प्रकृति सभी का समान भाव से पालन करती है, इसलिए मनुष्य को भी भेदभाव से ऊपर उठकर सर्वकल्याण की भावना अपनानी चाहिए।
संगति से बनता है व्यक्ति का चरित्र
मित्रता और संगति के महत्व को समझाते हुए पंडित विपिन बिहारी जी महाराज ने कहा कि मनुष्य को सदैव अच्छी संगति अपनानी चाहिए। शराब पीने और गाली-गलौज करने वाले व्यक्तियों की संगति से दूर रहना चाहिए, क्योंकि संगति ही मनुष्य के उत्थान और पतन का प्रमुख आधार बनती है। महाभारत एवं राजा परीक्षित के प्रसंगों के माध्यम से उन्होंने बताया कि विजय केवल संख्या बल से नहीं, बल्कि सत्य, धर्म और ईश्वर के प्रति अटूट निष्ठा से प्राप्त होती है। कौरवों की विशाल सेना के बावजूद पांडवों की विजय इस बात का प्रमाण है कि जहां धर्म और भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद होता है, वहीं अंततः विजय प्राप्त होती है।
मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल सहित जनप्रतिनिधियों ने किया व्यासपीठ पूजन
कथा के तृतीय दिवस मणिनागेंद्र सिंह फाउंडेशन के सचिव एवं वरिष्ठ यजमान इंजीनियर सरदार सिंह पटेल, मध्यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल (मुन्ना भैया) एवं श्रीमती सुमनलता पटेल ने सहयोगी यजमानों के साथ व्यासपीठ का पूजन कर पूज्य महाराज श्री का आशीर्वाद प्राप्त किया। जबलपुर से पधारी राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकि, मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते एवं मुख्य यजमान मुलायम सिंह पटेल (भैयाजी) ने भी व्यासपीठ पूजन कर कथा व्यास से आशीर्वाद लिया।
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद जी का ऑडियो संदेश बना आकर्षण
इस अवसर पर ज्योतिष पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज ने ऑडियो संदेश के माध्यम से कथा में उपस्थित श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया। उन्होंने यजमान परिवार को इस धार्मिक आयोजन की शुभकामनाएं देते हुए अपना आशीर्वाद प्रेषित किया। शंकराचार्य जी के संदेश से धर्मसभा में विशेष आध्यात्मिक आत्मीयता का वातावरण निर्मित हुआ।
उल्लेखनीय है कि कीर्तिशेष श्री मणिनागेंद्र सिंह पटेल एवं पूज्य श्रीमती यशोदाबाई पटेल की पावन स्मृति में मणिनागेंद्र सिंह फाउंडेशन द्वारा इस श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है, जो 5 नवंबर तक चलेगा। आयोजन के प्रथम दिवस मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी कथा में सहभागिता कर व्यासपीठ पर प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि एवं उन्नति की प्रार्थना समर्पित की थी।
हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति, 5 नवंबर तक चलेगी कथा
कथा के तृतीय दिवस विशाल पंडाल में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भजन, संकीर्तन और श्रीमद्भागवत की अमृतमयी कथा से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। आयोजन को सफल बनाने में फाउंडेशन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। मणिनागेंद्र सिंह फाउंडेशन के सचिव इंजीनियर सरदार सिंह पटेल, पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल एवं गोटेगांव विधायक महेंद्र नागेश ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा में उपस्थित होकर धर्मलाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।







