गुना आगामी 2 अप्रैल को आयोजित होने वाले ऐतिहासिक श्री हनुमान जन्मोत्सव मेले की तैयारियों को लेकर पूर्व विधायक एवं पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह सलूजा ने कलेक्टर को पत्र लिखकर व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने का आग्रह किया है। श्री सलूजा ने कलेक्टर को अवगत कराया कि मेले के आयोजन में अब मात्र 20 दिन शेष रह गए हैं, ऐसे में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए विभिन्न विभागों का समन्वय जरूरी है। उन्होंने मांग की है कि विद्युत विभाग बूढ़े बालाजी से टेकरी तक वोल्टेज की जांच करे और सुचारू आपूर्ति के लिए दो अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए। साथ ही लोक निर्माण विभाग को टेकरी रोड के डिवाइडरों की पुताई और बैरिकेडिंग का कार्य समय सीमा में पूर्ण करना चाहिए।

पत्र में नगरपालिका प्रशासन से मेला ग्राउंड में मुरमीकरण, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और पीएचई के माध्यम से पेयजल के पुख्ता इंतजाम करने का सुझाव दिया गया है ताकि सामाजिक संगठन अपनी प्याऊ और भंडारे सुगमता से संचालित कर सकें। सुरक्षा के लिहाज से गेल और नपा की फायर ब्रिगेड सहित डॉक्टरों की टीम की तैनाती भी सुनिश्चित करने की मांग की गई है। यातायात व्यवस्था पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग को बूढ़े बालाजी, निचले बाजार और ख्यावदा चौराहे जैसे मार्गों पर ट्रैफिक प्लान तैयार करj पार्किंग की उचित व्यवस्था करनी चाहिए ताकि टेकरी दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

 

रिपोर्ट विश्वास तारे

पुलिसवाला न्यूज़

      गुना(म. प्र)

Leave A Reply

Exit mobile version