सिवनी नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में सामाजिक संगठनों के सहयोग से एक ऐतिहासिक और नई पहल की शुरुआत की गई है। आज नगर पालिका कार्यालय (मानस भवन) में नगर के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रमुखों, सी.एम.ओ. सुश्री दिशा डहेरिया जी एवं सम्मानित पार्षदगणों की उपस्थिति में ‘ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026’ के तहत शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। दोपहर 12 से 5 बजे तक चले इस मैराथन मंथन में इंजीनियर्स संघ, चैंबर ऑफ कॉमर्स, मातृशक्ति संगठन, व्यापारिक संगठन, सकल जैन समाज और प्रस्फुटन समिति के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा कर बहुमूल्य सुझाव लिए गए।
बैठक के दौरान शहर के विकास और जनभागीदारी की अभूतपूर्व मिसाल पेश करते हुए विभिन्न संगठनों ने स्वेच्छा से 7 वार्डों को गोद लिया है, जिनमें इंजीनियर्स संघ द्वारा रानी दुर्गावती वार्ड, चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा महावीर वार्ड, मातृशक्ति संगठन द्वारा सी.वी. रमन वार्ड, व्यापारिक संघ द्वारा सुभाष एवं अशोक वार्ड, सकल जैन समाज द्वारा गुरूनानक वार्ड और प्रस्फुटन समिति द्वारा तिलक वार्ड शामिल हैं। इसके अलावा बैठक में कई कड़े और महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जैसे कचरा फैलाने और प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग करने वालों पर स्पॉट फाइन/चालानी कार्रवाई करना, दुकानों में डस्टबिन की अनिवार्यता सुनिश्चित करना, कचरा वाहनों का समय-निर्धारण करना तथा आवारा पशुओं को केवलारी स्थित बड़ी गौशाला भेजना।
विभिन्न संगठनों और उनके प्रमुखों ने इस दौरान कई उपयोगी सुझाव दिए; जैसे इंजी. ब्रजेश गौतम (इंजीनियर्स संघ) ने कचरा वाहनों को नेट से कवर करने का सुझाव दिया, श्री सुदर्शन बाझल (चैंबर ऑफ कॉमर्स) ने कचरा गाड़ियों के निश्चित टाइम-टेबल और सार्वजनिक शौचालयों के सर्वे की बात कही, श्रीमती सीमा चौहान (मातृशक्ति संगठन) ने प्लास्टिक प्रतिबंध, भवन निर्माण से पूर्व वृक्षारोपण और सार्वजनिक स्थानों पर थूकने पर चालानी कार्रवाई के साथ सर्वश्रेष्ठ वार्ड को पुरस्कृत करने की घोषणा की। वहीं व्यापारिक संघ ने बाजार क्षेत्रों में दुकानदारों को जागरूक करने और दुकान बंद होने के बाद कचरा एकत्रीकरण की व्यवस्था पर जोर दिया, सकल जैन समाज ने सड़कों पर हाथठेलों को व्यवस्थित करने व अवैध होर्डिंग्स हटाने का सुझाव दिया, तथा प्रस्फुटन समिति ने मठ तालाब व खाली स्थानों पर सघन वृक्षारोपण करने का निर्णय लिया।
बैठक में आवारा पशुओं की समस्या पर सी.एम.ओ. ने जानकारी दी कि पिछले एक सप्ताह में 102 पशुओं को कांजी हाउस भेजा गया है, जिन्हें अब केवलारी स्थित बड़ी गौशाला भेजा जाएगा। इस अवसर पर पुलिस विभाग के टीआई श्री ओमेश्वर ठाकरे जी ने सभी को साइबर क्राइम से बचने की जानकारी दी और नशामुक्ति की शपथ दिलाई। बैठक में पार्षदगण सर्वश्री विजय गोलू पंडित, रविशंकर गुड्डा भांगरे, संजय भलावी, रवि सैयाम, अनिल पटवा, तनोज श्रीवास, पीजी कॉलेज जनभागीदारी अध्यक्ष श्री अजय बाबा पांडे सहित नगर पालिका टीम के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सिवनी के समग्र विकास और स्वच्छता हेतु सभी की यह सहभागिता वाकई वंदनीय है
रिपोर्ट -आकाश भार्गव (जिलाब्यूरो सिवनी )







