जनपद पंचायत बहोरीबंद की बुधनवारा ग्राम पंचायत का मामला

कटनी

बहोरीबंद- शासन द्वारा गांवों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और ग्रामीणों को खुले में शौच से मुक्त करने के उद्देश्य से लाखों रुपये खर्च कर शौचालयों का निर्माण कराया गया है। लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। जनपद पंचायत बहोरीबंद अंतर्गत ग्राम पंचायत बुधनवारा में स्वच्छता व्यवस्था की स्थिति सवालों के घेरे में है।

ग्राम पंचायत में बनाया गया शौचालय उपयोग के बजाय महज शोपीस बनकर रह गया है। हालात यह हैं कि शौचालय के सामने ही गंदगी का ढेर लगा हुआ है। इससे जहां स्वच्छता अभियान की तस्वीर सामने आती है, वहीं जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि स्वच्छता के नाम पर शौचालयों का निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन उनके नियमित उपयोग, साफ-सफाई और रखरखाव पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। शौचालय के सामने जमा कचरे के कारण आसपास का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर शौचालय के सामने जमा गंदगी को हटवाया जाए तथा स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि शासन की योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को वास्तविक रूप से मिले और स्वच्छता के उद्देश्य की पूर्ति हो।

अब देखना होगा कि जनपद पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में कब तक संज्ञान लेते हैं और बुधनवारा में स्वच्छता व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

✍️*पुलिसवाला न्यूज़ कटनी से संभाग ब्यूरो पारस गुप्ता की रिपोर्ट*

Leave A Reply

Exit mobile version