स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का खुलासा, संचालक और मैनेजर के खिलाफ अपराध दर्ज

रायपुर। देवेंद्र नगर इलाके में स्पा सेंटर की आड़ में कथित रूप से देह व्यापार कराए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इशवा लग्जरी स्पा सेंटर में छापेमारी कर आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। जांच के दौरान स्पा सेंटर के संचालक और मैनेजर द्वारा अन्य राज्यों से युवतियों को बुलाकर देह व्यापार कराए जाने की जानकारी सामने आई।

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र कमिश्नर रायपुर, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र रायपुर एवं सहायक पुलिस आयुक्त सिविल लाइन रायपुर के निर्देशन में एसीपी स्नेहिल साहू के नेतृत्व में थाना सिविल लाइन एवं थाना देवेंद्र नगर की संयुक्त टीम ने 10 सितंबर को की।

पुलिस के मुताबिक स्पा सेंटर के संचालक हरविंदर सिंह ग्रोवर, निवासी टिकरापारा तथा मैनेजर मुकेश कुमार वर्मा, निवासी भिलाई-3 द्वारा अन्य राज्यों से युवतियों को बुलाकर उनसे देह व्यापार कराया जा रहा था। पूछताछ के दौरान स्पा सेंटर में काम करने वाली युवतियों ने भी दोनों के संबंध में जबरन देह व्यापार कराए जाने की जानकारी पुलिस को दी।

मामले में थाना देवेंद्र नगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 152/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के विरुद्ध अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम 1956 की धारा 4, 5 एवं 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव 

ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज

Leave A Reply

Exit mobile version