विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ को साइबर अपराधों से बचाव की दी विस्तृत जानकारी
सुरक्षित डिजिटल नागरिक बनने एवं साइबर सुरक्षा नियमों के पालन की दिलाई शपथ
1930 साइबर हेल्पलाइन एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के उपयोग की दी जानकारी
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में संचालित “सेफ क्लिक 2.0” साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत उज्जैन पुलिस द्वारा लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आलोक कुमार शर्मा (पूर्व) व थाना प्रभारी चिमनगंज मंडी श्री विवेक कुमार कनोडिया एवं थाना पुलिस टीम द्वारा गुरु सांदीपनि इंस्टीट्यूट, उज्जैन में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं संस्थान के स्टाफ को वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों एवं उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश के नाम पर होने वाली ठगी, फर्जी बैंक अधिकारी बनकर की जाने वाली धोखाधड़ी, ओटीपी एवं सीवीवी साझा करने के दुष्परिणाम, यूपीआई एवं क्यूआर कोड फ्रॉड, सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल, फिशिंग लिंक, स्क्रीन शेयरिंग ऐप तथा टेलीग्राम एवं व्हाट्सएप के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों के बारे में उदाहरण सहित जागरूक किया।
विद्यार्थियों को समझाया गया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ बैंकिंग अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करें। साथ ही किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करने एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर आर्थिक नुकसान को रोका जा सके।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ को साइबर सुरक्षा एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की शपथ भी दिलाई गई। सभी ने ऑनलाइन माध्यमों का सावधानीपूर्वक उपयोग करने, साइबर सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
उज्जैन से जिला ब्यूरो रिंकू सोगानी







