आपदा प्रबंधन पर अभिनव परियोजना मॉडल ने संभाग स्तर पर बटोरी सराहना, गरियाबंद जिले का बढ़ाया गौरव

 

गरियाबंद/राजिम। प्रतिभा, परिश्रम और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के संगम से सफलता की नई इबारत लिखते हुए स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस), राजिम की होनहार छात्रा लक्ष्मी वर्मा ने जिले को गौरवान्वित किया है। बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी एवं पश्चिम भारत विज्ञान मेले के अंतर्गत आयोजित जिला एवं संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए लक्ष्मी ने राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है।

 

संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में रायपुर, महासमुंद, बलौदाबाजार एवं गरियाबंद जिले के प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा हुई। इसमें लक्ष्मी वर्मा ने अपनी वैज्ञानिक सोच, नवाचार और प्रभावशाली प्रस्तुति से निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया। छात्रा ने आपदा प्रबंधन विषय पर आधारित परियोजना मॉडल प्रस्तुत किया, जिसमें प्राकृतिक आपदाओं से निपटने, उनके दुष्प्रभावों को कम करने तथा विज्ञान एवं आधुनिक तकनीक के माध्यम से जन-धन की सुरक्षा के व्यावहारिक उपायों को प्रदर्शित किया गया।

 

इस सफलता के पीछे विद्यालय की विज्ञान प्रभारी व्याख्याता समीक्षा गायकवाड़ का कुशल मार्गदर्शन, सतत सहयोग और प्रेरणादायी भूमिका महत्वपूर्ण रही। छात्रा ने अपनी उपलब्धि का श्रेय शिक्षिका के मार्गदर्शन को देते हुए बताया कि उनके निरंतर प्रोत्साहन से परियोजना को बेहतर स्वरूप देने और संभाग स्तर पर आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुति देने में काफी मदद मिली।

 

गौरतलब है कि इस वर्ष बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का मुख्य विषय “सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार” निर्धारित किया गया है। इसी व्यापक दृष्टिकोण के तहत विद्यार्थियों को विज्ञान के माध्यम से सामाजिक चुनौतियों के समाधान खोजने और अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।

 

छात्रा की इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर एवं सहायक जिला परियोजना अधिकारी बुद्धविलास सिंह ने हर्ष व्यक्त करते हुए लक्ष्मी वर्मा और मार्गदर्शक शिक्षिका समीक्षा गायकवाड़ को बधाई दी तथा राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। वहीं विद्यालय के प्राचार्य एवं जिला समन्वयक आई.पी. साहू तथा जिला नोडल विज्ञान ज्ञानेंद्र शर्मा ने भी छात्रा की वैज्ञानिक प्रतिभा और नवाचार की सराहना करते हुए उसका उत्साहवर्धन किया।

 

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर शाला विकास एवं प्रबंधन समिति, विद्यालय परिवार, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं नगरवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।

 

लक्ष्मी वर्मा की यह सफलता केवल एक छात्रा की उपलब्धि नहीं, बल्कि गरियाबंद जिले की शैक्षणिक प्रतिभा, वैज्ञानिक चेतना और नवाचार की बढ़ती संभावनाओं का सशक्त प्रमाण है। अब जिलेवासियों की निगाहें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां लक्ष्मी से एक और शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।

 

नेहरू साहू ब्यूरो चीफ गरियाबंद

Leave A Reply

Exit mobile version