दुर्ग, 21 सितंबर। अपराधों की रोकथाम और आरोपियों की पहचान में सीसीटीवी कैमरों की उपयोगिता को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने अपने स्तर पर कैमरे स्थापित कर पुलिस को सहयोग प्रदान करने वाले जागरूक नागरिकों को सम्मानित किया। नेहरू नगर और मुकुट नगर क्षेत्र में नागरिकों द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरों से झपटमारी की घटनाओं की पतासाजी में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिससे आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में सहायता मिली।
सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से घटनाओं से जुड़ी गतिविधियों और आरोपियों की आवाजाही के साक्ष्य मिलने से पुलिस की विवेचना और पतासाजी में तेजी आई। अपराध नियंत्रण में नागरिकों की इस महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने सर्वेश अग्रवाल एवं अमन सोनकर (नेहरू नगर), राजेश कुमार सोनी एवं संजय सिंह (मुकुट नगर) तथा दीपक चन्द्रयान को सम्मानित किया।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपने घर, दुकान और प्रतिष्ठानों के आसपास गुणवत्तापूर्ण सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की है, ताकि महत्वपूर्ण प्रवेश एवं निकास मार्ग कैमरों की निगरानी में रहें। पुलिस ने कहा कि पुलिस और नागरिकों के समन्वय से तकनीकी साक्ष्यों का बेहतर उपयोग कर अपराधों की रोकथाम और त्वरित पतासाजी को प्रभावी बनाया जा सकता है।
रिपोर्टर : मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version