चौरई। विकासखंड चौरई वृत्त के आबकारी अमले ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब परिवहन कर रहे दो आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। कार्रवाई में 301 पाव देशी मसाला मदिरा, 45 पाव ऑफिसर्स च्वॉइस व्हिस्की और एक दुपहिया वाहन जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार 23-24 अगस्त 2026 की मध्य रात्रि हलाल-चौरई-कुकरई तिराहा के समीप कुकरई मार्ग पर आबकारी टीम ने दुपहिया वाहन सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। दोनों वाहन रोककर भागने लगे। घेराबंदी के दौरान सिवनी ललमटिया निवासी संदीप पटले को पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी राकेश राजपूत अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
तलाशी में दो नायलॉन के थैलों से कुल 62.28 बल्क लीटर देशी-विदेशी मदिरा बरामद की गई। जब्त शराब और वाहन की अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है।
आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई कलेक्टर हरेंद्र नारायन के निर्देश एवं सहायक आबकारी आयुक्त बी.आर. वैद्य के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में वृत्त प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश सिंघल, प्रधान आरक्षक राजकुमार यदुवंशी एवं आरक्षक भारती मरकाम मौजूद रहे।
ब्यूरो छिंदवाड़ा पुलिसवाला _अमित मिश्रा






