सिलबट्टे के वार से बुझा घर का चिराग: दुर्ग में आपसी विवाद के बाद पत्नी बनी पति की कातिल
​भिलाई: दुर्ग जिले के छावनी थाना क्षेत्र में पारिवारिक कलह ने एक भयानक रूप ले लिया, जहाँ एक पत्नी ने गुस्से में आकर अपने ही सुहाग की हत्या कर दी। दुर्गा पारा, कैंप 02 में रहने वाले डोमन लाल साहू और उनकी पत्नी हीरामणि साहू के बीच रविवार की रात किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई। विवाद के दौरान तैश में आकर हीरामणि ने पास रखे भारी सिलबट्टे से पति के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। प्रहार इतना घातक था कि डोमन लाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
​घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारियों के निर्देशन में छावनी थाना की टीम तुरंत सक्रिय हुई और आरोपी महिला को घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया सिलबट्टा बरामद कर लिया है। आरोपी हीरामणि साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्यवाही में थाना स्टाफ की सजगता सराहनीय रही। पुलिस ने आम जनता से यह भी आग्रह किया है कि घरेलू विवादों को हिंसक रूप देने के बजाय विधिक सहायता का सहारा लें।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply