मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सिंगापुर इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ फोरम-2026 में छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाएं रखीं, उद्योग जगत को प्रदेश आने का दिया न्योता।
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय 3 अक्टूबर से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने सिंगापुर इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ फोरम-2026 में हिस्सा लिया। फोरम में सिंगापुर के उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनके सामने मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं और प्रदेश के विकास की दिशा में उपलब्ध अवसरों को सामने रखा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भागीदारी के लिए प्रदेश आने और निवेश करने का न्योता दिया। मुख्यमंत्री के अनुसार, सिंगापुर प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ को करीब 45,600 करोड़ रुपये के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
इन प्रस्तावों में सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव एनर्जी कैपिटल ग्लोबल की ओर से सामने आया है। कंपनी छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का एआई रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने के लिए 41,750 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगापुर प्रवास के दौरान उद्योग जगत के साथ छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई और प्रदेश में निवेश के लिए सकारात्मक रुचि सामने आई। उन्होंने कहा कि इन निवेश प्रस्तावों से छत्तीसगढ़ में नई औद्योगिक एवं तकनीकी संभावनाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़







