थोक औषधि विक्रेताओं व फूड सेंटरों का औचक निरीक्षण, लिए गए नमूने
मुंगेली, 29 अप्रैल 2026// प्रदेश में नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य एवं औषधि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “सही दवा, शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम पर 11 मई तक सघन जांच अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार संयुक्त टीम द्वारा मुंगेली विकासखण्ड में 05 थोक औषधि विक्रय एजेंसी का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान अन्य राज्यों से क्रय की गई दवाओं के खरीद-बिक्री रिकॉर्ड का परीक्षण किया गया तथा एक औषधि का नमूना जांच हेतु संकलित किया गया। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों ने आमलोगों को केवल ताजे एवं स्वच्छ रस का ही सेवन करने, लंबे समय तक रखे गए खाद्य पदार्थों से बचने की समझाइश दी है।
निरीक्षण के दौरान मुंगेली एवं लोरमी क्षेत्र में कुल 20 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने सभी थोक विक्रेताओं को जीएसटी नियमों का पालन करने, केवल अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर से ही दवाओं की खरीदी करने तथा राज्य के बाहर से लाई गई दवाओं की जानकारी समय पर विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही खुदरा विक्रेताओं को दवा बिक्री से पहले अनुज्ञप्ति की वैधता जांचने की हिदायत दी गई। इसी अभियान के तहत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए गन्ना रस सेंटर, जूस सेंटर, आईस्क्रीम विक्रेता एवं सॉफ्ट ड्रिंक दुकानों की भी जांच की गई। मुंगेली शहर के करही, दाउपारा, पड़ाव चौक, नया एवं पुराना बस स्टैंड सहित विभिन्न स्थानों पर संचालित केंद्रों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, मशीनों की स्वच्छता एवं डस्टबिन के उपयोग को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए। विक्रेताओं को स्वच्छ पानी से बर्फ तैयार करने, ताजे गन्ने व फलों का उपयोग करने तथा रस को डिस्पोजल में ही देने के लिए निर्देशित किया गया। लोरमी क्षेत्र में भी निरीक्षण के दौरान एक डेयरी से पनीर एवं खोवा के विधिक नमूने जांच हेतु लिए गए। साथ ही जिन प्रतिष्ठानों के पास खाद्य पंजीयन नहीं था, उन्हें तत्काल पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए।
राज शेखर यादव
ब्यूरो चीफ पुलिसवाला मुंगेली







