वर्ग-2 संविदा शिक्षक के पद पर नियुक्ति दिलाने का दिया था झांसा, पुलिस ने धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर शुरू की जांच
दमुआ। सरकारी नौकरी पाने की चाहत में दो युवकों को छह लाख रुपये गंवाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि वर्ग-2 संविदा शिक्षक के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उनसे लाखों रुपये लिए गए, लेकिन न तो नौकरी मिली और न ही रकम वापस की गई। शिकायत की जांच के बाद दमुआ पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
🖊️प्राप्त जानकारी के अनुसार इकलामाशामी निवासी सुनील कुमरे एवं श्रीप्रसाद कुमरे ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। सुनील कुमरे ने बताया कि उनके रिश्तेदार हरिराम सल्लाम ने उनकी मुलाकात निरंजन नामदेव से कराई थी। निरंजन ने मंत्रालय में अपनी पहचान होने का हवाला देते हुए वर्ग-2 संविदा शिक्षक के पद पर नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया और इसके एवज में तीन लाख रुपये की मांग की।
🖊️नौकरी मिलने की उम्मीद में सुनील कुमरे ने दो लाख 70 हजार रुपये फोन-पे के माध्यम से तथा 30 हजार रुपये नकद दिए। वहीं दूसरे शिकायतकर्ता श्रीप्रसाद कुमरे ने भी हरिराम के घर पर निरंजन को तीन लाख रुपये नकद सौंपे। इस तरह दोनों युवकों से कुल छह लाख रुपये लिए गए।
🖊️शिकायतकर्ताओं के अनुसार निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी उन्हें न तो नियुक्ति संबंधी कोई दस्तावेज मिला और न ही नौकरी मिल सकी। जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। सुनील कुमरे ने ऑनलाइन भुगतान के स्क्रीनशॉट और बैंक स्टेटमेंट भी पुलिस को उपलब्ध कराए।
🖊️मामले की जांच के दौरान पुलिस को धोखाधड़ी से संबंधित साक्ष्य मिलने पर दमुआ निवासी हरिराम सल्लाम और छिंदवाड़ा जिले के अंतर्गत दमुआ घोरावाड़ी निवासी निरंजन नामदेव के विरुद्ध धारा 420 भादवि के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर पूरे लेन-देन और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।





