पत्रकारिता एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान पर डॉ. कपिल वर्मा को “विद्यावाचस्पति” सम्मान

मंडला। पत्रकारिता, साहित्य और समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी डॉ. कपिल वर्मा (चित्रांश), मध्यप्रदेश को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ऋषि वैदिक विश्वविद्यालय, फतेहाबाद-आगरा (उत्तर प्रदेश) द्वारा प्रतिष्ठित “विद्यावाचस्पति” सारस्वत सम्मान से अलंकृत किया गया है। यह सम्मान उन्हें पत्रकारिता एवं समाज सेवा के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अर्जित प्रतिष्ठा तथा समाज हित में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर प्रदान किया गया।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी प्रमाण-पत्र के अनुसार यह सम्मान विश्वविद्यालय की प्रबंध कार्यकारिणी की अनुशंसा पर प्रदान किया गया है। सम्मान पत्र पर कुलपति डॉ. मुकेश कुमार ऋषि वर्मा एवं कुलसचिव डॉ. नरेश कुमार सिंहल एडवोकेट के हस्ताक्षर अंकित हैं। सम्मान की घोषणा 1 जून 2026 को की गई।
डॉ. कपिल वर्मा लंबे समय से पत्रकारिता के माध्यम से जनसरोकारों की आवाज़ को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर उनकी सक्रियता और निष्पक्ष पत्रकारिता ने उन्हें व्यापक पहचान दिलाई है। इसके साथ ही विभिन्न सामाजिक अभियानों, जनजागरूकता कार्यक्रमों तथा साहित्यिक गतिविधियों में उनकी सहभागिता भी लगातार बनी रही है।
पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए कार्यों को न केवल क्षेत्रीय बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना प्राप्त हुई है। समाज के वंचित वर्गों, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण जैसे विषयों पर उनकी सकारात्मक पहलें समाज के लिए प्रेरणास्रोत रही हैं। यही कारण है कि उन्हें यह प्रतिष्ठित सारस्वत सम्मान प्रदान कर उनके योगदान को औपचारिक मान्यता दी गई है।
इस उपलब्धि पर पत्रकारिता, साहित्य, सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य नागरिकों, मित्रों, शुभचिंतकों तथा विभिन्न संगठनों ने डॉ. कपिल वर्मा को बधाई देते हुए इसे मंडला जिले एवं मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि डॉ. वर्मा भविष्य में भी समाजहित और जनजागरण के कार्यों में इसी समर्पण के साथ सक्रिय रहेंगे।
यह सम्मान न केवल डॉ. कपिल वर्मा की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पत्रकारिता और समाज सेवा के क्षेत्र में कार्यरत उन सभी लोगों के लिए प्रेरणा का प्रतीक है, जो निष्पक्षता, प्रतिबद्धता और जनहित को सर्वोच्च मानकर कार्य करते हैं।

मंडला से अशोक मिश्रा की रिपोर्ट

Comments are closed.

Exit mobile version