जन आकांक्षा पोर्टल, फार्मर रजिस्ट्री और पंचायतों के वित्तीय व्यय की हुई विस्तृत समीक्षा
जनविश्वास अभियान के शिविरों में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण पर कलेक्टर ने दिया जोर
खरगोन 07 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागृह में समय सीमा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित समय सीमा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जन आकांक्षा पोर्टल अंतर्गत लंबित समय सीमा प्रकरणों की विभागवार विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद ने अधिकारियों को लंबित मामलों के निराकरण में प्राथमिकता के साथ कार्य करने तथा प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान पंचायती राज संस्थाओं के वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं वित्तीय वर्ष 2026-27 के आय-व्यय की भी विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री प्रसाद ने पंचायतों में उपलब्ध वित्तीय संसाधनों के समुचित उपयोग और विकास कार्यों में पारदर्शिता एवं गति बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में मंत्री, सांसद एवं विधायक से संबंधित लंबित पत्रों और प्रकरणों की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा कर शेष किसानों की फार्मर रजिस्ट्री का कार्य प्राथमिकता से पूर्ण कराने के लिए कहा गया।
कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद ने कसरावद में आयोजित जनविश्वास अभियान के उपरांत शिकायतों में आई कमी की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जनविश्वास अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का मौके पर निराकरण कर प्रशासन और नागरिकों के बीच विश्वास को और मजबूत करना है। इस दिशा में प्राप्त शिकायतों का प्रभावी एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जनविश्वास अभियान अंतर्गत शुक्रवार को ऊन में आयोजित होने वाले शिविर की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री प्रसाद ने संबंधित अधिकारियों को शिविर में आने वाले नागरिकों की समस्याओं का गंभीरता से निराकरण करने तथा विभागीय अधिकारियों की आवश्यक उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती रेखा राठौर, जिला पंचायत सीईओ श्री मिलिंद कुमार नागदेवे, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती आकांक्षा अग्रवाल, श्री वीरेंद्र कटारे, सभी एसडीएम सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे। वही अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े रहे।
रिपोर्ट ब्रजेश यादव खरगोन जिला ब्यूरो
