9779ed0b b9fa 4a73 b863 9d9f270b9ee3

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा नगर घंसौर,,,

जगह-जगह कांवड़ियों का हुआ जोरदार स्वागत,,,

घंसौर। सावन माह के तृतीय सोमवार और नागपंचमी के पावन संयोग पर घंसौर नगर में आयोजित भव्य सनातन कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हर-हर महादेव के जयघोष और भक्ति गीतों से पूरा नगर शिवमय नजर आया। जगह-जगह स्थानीय लोगों एवं श्रद्धालुओं द्वारा कांवड़ियों का पुष्प वर्षा और श्रद्धा के साथ स्वागत किया गया। कांवड़ यात्रा का शुभारंभ सोमवार सुबह करीब 11 बजे नगर घंसौर के समीपस्थ ग्राम छिंदवाहा के पास अविरल प्रवाहित मां नर्मदा के पावन तट से हुआ। कांवड़ियों ने मां नर्मदा के पवित्र जल को विभिन्न प्रकार के पात्रों में भरकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं आरती की। इस दौरान नर्मदाष्टक का पाठ भी किया गया। इसके बाद कांवड़ियों का विशाल जत्था भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए घंसौर की ओर रवाना हुआ,जिसकी दूरी लगभग 30 किमी बतलाई गई। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालु पूरे उत्साह और आस्था के साथ भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। नगर में प्रवेश करते ही जगह-जगह लोगों ने कांवड़ियों का स्वागत किया। यात्रा के मार्ग में वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा और लगातार गूंजते “हर-हर महादेव” के जयघोष से संपूर्ण घंसौर नगर गुंजायमान हो उठा। संध्या कालीन कांवड़ यात्रा घंसौर स्थित श्रीराम मंदिर पहुंची। यहां विराजमान भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग पर कांवड़ियों ने मां नर्मदा के पवित्र जल से श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ जलाभिषेक किया। जलाभिषेक के बाद भगवान शिव की विधि-विधान से महाआरती की गई,जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्मलाभ अर्जित किया। महाआरती के उपरांत श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। कांवड़ यात्रा में शामिल कांवड़ियों को पवित्र अभिमंत्रित पंचमुखी रुद्राक्ष भी प्रदान किया गया। रुद्राक्ष प्राप्त कर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

सावन सोमवार और नागपंचमी के संयोग से बढ़ी आस्था,,,

इस बार सावन माह के तृतीय सोमवार के साथ नागपंचमी का पर्व भी होने से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आस्था दिखाई दी। सुबह से ही मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही। कांवड़ यात्रा के दौरान भी बड़ी संख्या में महिला,पुरुष और युवा श्रद्धालु धार्मिक उत्साह के साथ शामिल हुए। कांवड़ यात्रा ने नगर में आपसी सद्भाव,धार्मिक आस्था और भक्ति का वातावरण निर्मित किया। शाम तक घंसौर का वातावरण पूरी तरह शिवमय बना रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।

Comments are closed.

Exit mobile version