विधायक दिलीप सिंह परिहार ने संविधान की गौरवशाली यात्रा एवं डॉ. अंबेडकर के योगदान पर डाला प्रकाश, महिला मोर्चा एवं अनुसूचित जनजाति मोर्चा के नवनियुक्त पदाधिकारियों का हुआ अभिनंदन

नीमच।भारतीय जनता पार्टी जिला नीमच द्वारा 26 नवंबर को संविधान गौरव दिवस के अवसर पर जिला भाजपा कार्यालय तपोभूमि पर संविधान के प्रति सम्मान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए विभिन्न संगठनात्मक एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर का स्मरण कर भारतीय संविधान को नमन किया गया। साथ ही भाजपा महिला मोर्चा की नवनियुक्त जिला पदाधिकारियों एवं अनुसूचित जनजाति मोर्चा के नवनियुक्त मंडल पदाधिकारियों का स्वागत-अभिनंदन किया गया। इसके अतिरिक्त सेवा दूत अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं संगठनात्मक तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय बैठक भी आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। तत्पश्चात भारतीय संविधान की प्रति पर माल्यार्पण कर उसे नमन कर संविधान के प्रति सम्मान प्रकट किया गया। भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने स्वागत उद्बोधन देते हुए संविधान गौरव दिवस के महत्व एवं संविधान की मूल भावना पर प्रकाश डाला। पिछड़ा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार ने भी संविधान दिवस के अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने भारतीय संविधान की गौरवशाली यात्रा, संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव अंबेडकर के ऐतिहासिक योगदान तथा संविधान में समाहित न्याय, समानता, स्वतंत्रता एवं बंधुत्व के आदर्शों पर विस्तार से विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का सशक्त आधार है। संविधान के आदर्शों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है तथा इन्हीं मूल्यों को आत्मसात कर हम सशक्त राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की नवनियुक्त जिला पदाधिकारियों का जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल की उपस्थिति में आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष मनीषा धाकड़ सहित नवनियुक्त पदाधिकारियों को नवीन दायित्व की शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। इसी क्रम में अनुसूचित जनजाति मोर्चा के नवनियुक्त मंडल पदाधिकारियों का भी स्वागत-अभिनंदन कर उन्हें नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं दी गईं। इस दौरान जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, जिला महामंत्री धनसिंह कैथवास, नरेंद्र मालवीय एवं अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला अध्यक्ष रतन मालावत ने पदाधिकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए संगठन की विचारधारा एवं केंद्र तथा प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंतर्गत भाजपा जिला कार्यालय तपोभूमि पर सेवा दूत अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं संगठनात्मक तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय बैठक भी आयोजित की गई। जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल की उपस्थिति में जिला कार्यसमिति सदस्य एवं सेवा दूत अभियान के जिला संयोजक हेमंत हरित ने अभियान की रूपरेखा, प्रस्तावित गतिविधियों एवं तैयारियों की जानकारी दी। बैठक में जनसेवा के संकल्प, अभियान के प्रभावी संचालन तथा संगठनात्मक समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिला महामंत्री धनसिंह कैथवास एवं नरेंद्र मालवीय सहित जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों एवं मंडल महामंत्रियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए अपने विचार रखे। उपस्थित कार्यकर्ताओं से सेवा, समर्पण एवं जनकल्याण की भावना के साथ अभियान की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री धनसिंह कैथवास एवं नरेंद्र मालवीय, कार्यक्रम संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह सिसोदिया सहित जिला एवं मंडल पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।संविधान गौरव दिवस पर आयोजित इन सभी कार्यक्रमों के माध्यम से भारतीय संविधान के प्रति सम्मान, सामाजिक समरसता, संगठनात्मक एकजुटता तथा सेवा और समर्पण की भावना को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया। संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम संयोजक अर्जुन सिंह सिसोदिया ने किया। उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी एवं सह प्रभारी शुभम शर्मा द्वारा दी गई।

ललित सिंह चुंडावत जिला ब्यूरो नीमच✍️

Leave A Reply

Exit mobile version