संगीत और योग से बढ़ेगा जवानों का मनोबल: रायपुर पुलिस की अभिनव पहल ‘शुकवारी संझा’ का आज आयोजन
रायपुर। पुलिसकर्मियों के बीच मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने, कार्य के दबाव को कम करने और उन्हें ऊर्जावान बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट रायपुर एवं छत्तीसगढ़ हार्मोनिका क्लब द्वारा एक विशेष कार्यक्रम “शुकवारी संझा – तन-मन रंजन” आयोजित किया जा रहा है। आज शाम पुलिस लाइन रायपुर में होने वाला यह कार्यक्रम संगीत और योग के माध्यम से पुलिस जवानों के लिए एक सकारात्मक वातावरण निर्मित करेगा।
सामुदायिक पुलिसिंग की एक नई मिसाल
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत लगातार नए प्रयोग किए जा रहे हैं। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ हार्मोनिका क्लब के साथ मिलकर जवानों के मानसिक संतुलन और कार्यक्षमता में वृद्धि के लिए इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है। प्रशासन का मानना है कि तनावमुक्त मन से पुलिसकर्मी अपनी चुनौतीपूर्ण ड्यूटी का निर्वहन और भी बेहतर ढंग से कर सकेंगे।
योग और मधुर संगीत का मेल
पिछले 12 वर्षों से सक्रिय छत्तीसगढ़ हार्मोनिका क्लब ने इस विशेष सत्र को “योग-संगीत-सूत्र” की अवधारणा पर सजाया है। कार्यक्रम में हार्मोनिका वादन, मधुर संगीत और प्रेरणादायी गीतों का योग के साथ ऐसा समन्वय होगा जो जवानों को मानसिक शांति और स्फूर्ति प्रदान करेगा।
मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सामाजिक संदेश
क्लब के संस्थापक एवं अध्यक्ष राजीव श्रीवास्तव (सेवानिवृत्त IPS) ने इस पहल के बारे में बताया कि:
“यह केवल एक मनोरंजन कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने और सकारात्मक जीवनशैली को अपनाने का एक सामाजिक अभियान है।”
सर्वत्र हो रही सराहना
पुलिस लाइन परिसर में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर व्यापक उत्साह है। सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों से जुड़े विशेषज्ञों ने पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की इस पहल को एक प्रेरणादायी उदाहरण बताया है। उनका कहना है कि इस तरह के प्रयासों से न केवल जवानों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि पुलिस और समाज के बीच बेहतर सामंजस्य भी स्थापित होगा।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
