संगीतमय योग एवं ज़ुम्बा सत्र में महिलाओं ने सीखा स्वस्थ और सशक्त जीवन का मंत्र
संगीत की मधुर धुनों और सकारात्मक ऊर्जा के बीच आयोजित संगीतमय योग एवं ज़ुम्बा सत्र में प्रशिक्षक संदीप सिंह मैडम ने महिलाओं एवं युवाओं को स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और आत्मशक्ति का अनमोल संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और पूरे उत्साह के साथ योग एवं ज़ुम्बा गतिविधियों में शामिल हुईं।
संदीप सिंह मैडम ने बताया कि जीवन में सबसे महत्वपूर्ण हमारा स्वास्थ्य है। यदि हम शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहेंगे, तभी परिवार, समाज और अपने कार्यों की जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से निभा पाएंगे। उन्होंने महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सबसे पहले स्वयं का ध्यान रखना आवश्यक है, क्योंकि जब हम स्वयं मजबूत होंगे तभी दूसरों का सहारा बन सकेंगे।
उन्होंने योग के विभिन्न आसनों एवं अभ्यासों के माध्यम से शरीर को मजबूत, मन को शांत और विचारों को सकारात्मक बनाए रखने के उपाय बताए। साथ ही ज़ुम्बा और संगीत के माध्यम से फिटनेस को आनंदमय बनाते हुए सभी प्रतिभागियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।
संगीत के साथ योग का यह अनूठा संगम सभी के लिए यादगार बन गया। मधुर धुनों पर योग करते हुए प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। वातावरण में ऊर्जा, उमंग और सकारात्मकता का ऐसा संचार हुआ कि सभी का रोम-रोम आनंद से भर उठा और महिलाएं पूरे जोश के साथ झूम उठीं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं ने संदीप सिंह मैडम के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और सशक्त बनने की प्रेरणा भी देते हैं।
रिपोर्टर : सुरभि जैन
स्थान : जबलपुर







