शहपुरा/डिंडौरी। शहपुरा नगर में सोमवार दोपहर दिनदहाड़े चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक अज्ञात युवक शिक्षक का रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया, वहीं पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक शिक्षक बैंक से करीब 50 हजार रुपये निकालकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान वे शहपुरा नगर के एक चाय दुकान पर चाय और पानी पीने के लिए रुके। बताया जा रहा है कि शिक्षक ने रुपयों से भरा काले रंग का बैग अपने पास रखा हुआ था। तभी वे पानी पीने के लिए गिलास लेकर दुकान के बाहर पहुंचे और बैग कुर्सी पर ही छोड़ दिया।

इसी मौके का फायदा उठाते हुए एक अज्ञात युवक दुकान के भीतर पहुंचा और बड़ी सफाई से बैग उठाकर बाहर निकल गया। बाहर पहले से मौजूद उसका साथी बाइक लेकर तैयार खड़ा था। युवक बैग लेकर बाइक पर बैठा और दोनों आरोपी कुछ ही सेकंड में मौके से फरार हो गए। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोगों को भनक तक नहीं लग सकी।

घटना सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है। वायरल वीडियो में आरोपी युवक बैग उठाकर तेजी से बाहर निकलता और बाइक सवार साथी के साथ भागता हुआ दिखाई दे रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षक ने स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी युवकों की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने नगर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने की मांग की है।

Comments are closed.

Exit mobile version