बलौदाबाजार-भाटापारा: जिले के कसडोल क्षेत्र में घटित बहुचर्चित और सनसनीखेज ‘ग्राम पुराना खर्वे सुहागा जहर कांड’ की गुत्थी सुलझाने वाली पुलिस टीम का मनोबल बढ़ाने के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्री ओ.पी. शर्मा ने एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया। आज कसडोल में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में एसपी महोदय ने अत्यंत सूक्ष्म और वैज्ञानिक तरीके से अंधे कत्ल का पर्दाफाश करने वाले 26 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार से सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया।
उल्लेखनीय है कि पुराना खर्वे निवासी शातिर आरोपी रामसहाय जायसवाल ने पुरानी रंजिश के चलते एक सोची-समझी साजिश के तहत गांव के 8 ग्रामीणों को शराब में सुहागा (जहर) मिलाकर पिला दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई थी। परिजनों द्वारा शवों का कफन-दफन किए जाने के बाद जब हत्या की आशंका जताई गई, तो कसडोल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कब्रों से शवों को बाहर निकाला (शव उत्खनन)। इसके बाद वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाते हुए कड़ियों को जोड़ा और आरोपी को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया। इस बेहद पेचीदा मामले की विवेचना की सराहना करते हुए एसपी श्री ओ.पी. शर्मा ने कहा कि ऐसी मुस्तैदी से न केवल अपराधियों में खौफ पैदा होता है, बल्कि आम जनता का पुलिस और न्याय व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत होता है।
इस अंधेकत्ल के रहस्य से पर्दा उठाने और उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित होने वाले जांबाज पुलिस दल में उप पुलिस अधीक्षक (कैम्प कसडोल) श्री कौशल किशोर वासनिक, कसडोल थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण भीम, सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रणाली वैद्य, गिरौदपुरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अश्वनी पडवार, कसडोल थाने के प्र.उनि उमेश कुमार टण्डन व प्र.उनि रुपेश कुमार चन्द्रा, करही बाजार चौकी प्रभारी सउनि जगदीश सोनवानी, कसडोल थाने के सउनि संजीव सिंह राजपूत तथा रक्षित केन्द्र बलौदाबाजार के सउनि अग्नि प्रधान शामिल हैं। इसके साथ ही, दिन-रात एक कर विवेचना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कसडोल थाने के प्रधान आरक्षक समीर शुक्ला (प्र.आर. 958), अंशुमान पाण्डेय (प्र.आर. 223), ऋषिकेश भोई (प्र.आर. 249) सहित आरक्षक चंद्रहास धनुसेवक, डिलेश्वर वर्मा, चुन्नी लाल साहू, विक्की वर्मा, गोवर्धन राय, कुबेर कुमार वर्मा, भारत पैकरा, शिवकुमार लहरी, अजय कुमार बंजारे, शैलेन्द्र पैकरा, नंद कुमार कुर्रे, राजकुमार पटेल, रामलाल कैवर्त्य और दिनेश कुमार साहू को भी उनकी उत्कृष्ट सेवा और कर्तव्यनिष्ठा के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
