डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक एक जैसी स्थिति, छोटी खरीदारी के लिए भी लोगों को खर्च करने पड़ रहे अधिक रुपये; प्रशासन से कार्रवाई की मांग।
शहपुरा – डिंडोरी जिले के शहपुरा मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में 1 और 2 रुपये के सिक्कों को लेकर अजीब स्थिति निर्मित हो गई है। कई दुकानदार ग्राहकों से एक और दो रुपये के सिक्के लेने से साफ इनकार कर रहे हैं, जिससे आम नागरिकों को रोजमर्रा की खरीदारी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों और ग्राहकों का कहना है कि भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जारी किए गए 1 और 2 रुपये के सिक्के पूरी तरह वैध हैं, इसके बावजूद अनेक दुकानदार इन्हें स्वीकार नहीं कर रहे हैं। परिणामस्वरूप यदि किसी ग्राहक को 2 या 3 रुपये की छोटी सामग्री खरीदनी हो तो उसे मजबूरी में 5 या 10 रुपये की वस्तु खरीदनी पड़ती है या फिर अतिरिक्त राशि खर्च करनी पड़ती है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नगर और ग्रामीण क्षेत्रों की कई दुकानों में यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग और प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे गरीब, मजदूर और ग्रामीण वर्ग के लोगों को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर दुकानों की जांच की जाए तथा जो दुकानदार वैध भारतीय मुद्रा के रूप में प्रचलित 1 और 2 रुपये के सिक्के लेने से मना कर रहे हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आम लोगों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं।
लोगों ने जिला प्रशासन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग तथा संबंधित अधिकारियों से हस्तक्षेप कर तत्काल कार्रवाई करने और वैध सिक्कों के प्रचलन को सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आम उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।







