शहडोल (मध्य प्रदेश): सोहागपुर थाना पुलिस ने नवविवाहिता को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी पर अपनी पत्नी को जाति के नाम पर प्रताड़ित करने और उसे दूसरी शादी की धमकी देने का आरोप है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका संतोषी यादव (उम्र 22/23 वर्ष), निवासी ग्राम नवलपुर, की मृत्यु 15 अप्रैल 2026 को आग से जलने के कारण हुई थी। संतोषी पिछले तीन वर्षों से आरोपी राकेश बैगा के साथ पति-पत्नी के रूप में रह रही थी। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज शहडोल से मिली तहरीर के आधार पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी।
जांच में हुआ खुलासा
जांच के दौरान मृतिका की माता संजू यादव और बहन रानू यादव के बयानों से यह स्पष्ट हुआ कि राकेश बैगा, संतोषी को उसकी जाति को लेकर लगातार ताने देता था। वह उसे मानसिक रूप से परेशान करता था कि वह अपनी ही जाति की किसी अन्य महिला से शादी करेगा। इसी प्रताड़ना से तंग आकर संतोषी ने आत्मघाती कदम उठाते हुए खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली थी।
पुलिस कार्रवाई
साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी राकेश बैगा के खिलाफ धारा 108 बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज किया। 11 मई 2026 को थाना प्रभारी अरुण पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नवलपुर से आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक अरुण पाण्डेय, सउनि. रामनारायण पाण्डेय और उनकी टीम की मुख्य भूमिका रही।
अजय पाल
