विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा मारूड़बाका: पुलिस ने चौपाल लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
बीजापुर। अंदरूनी क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ-साथ विश्वास बहाली के उद्देश्य से उसूर पुलिस ने ग्राम मारूड़बाका में ‘चलित थाना’ और ‘सिविक एक्शन’ कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान खाकी का मानवीय चेहरा सामने आया, जहाँ पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों के बीच बैठकर न केवल उनकी शिकायतें सुनीं, बल्कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) श्री रविंद्र कुमार मीणा और एसडीओपी आवापल्ली श्री तिलेश्वर प्रसाद यादव ने युवाओं और बुजुर्गों से चर्चा की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नक्सलवाद केवल विकास का बाधक है और अब समय आ गया है कि ग्रामीण शिक्षा व स्वावलंबन के रास्ते पर आगे बढ़ें। उन्होंने ग्रामीणों को पुनर्वास नीति की जानकारी देते हुए मुख्यधारा में लौटने के फायदों के बारे में भी बताया
ग्रामीणों के उत्साह को बढ़ाने के लिए पुलिस द्वारा खेल किट, साड़ियां और अन्य दैनिक उपयोगी वस्तुओं का वितरण किया गया। उसूर और आवापल्ली थाना प्रभारियों की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में भारी उत्साह देखा गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सैकड़ों ग्रामीणों के लिए प्रीतिभोज का आयोजन हुआ, जिसने पुलिस और जनता के बीच के रिश्तों को और अधिक मजबूती प्रदान की। ग्रामीणों ने क्षेत्र में शांति और प्रगति के लिए प्रशासन को अपना पूर्ण समर्थन देने का भरोसा दिलाया है।
रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़







