रायपुर। राजधानी में दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रायपुर पुलिस को सफलता मिली है। डीसीपी क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला के निर्देश पर एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट तथा थाना पुरानी बस्ती प्रभारी विनय सिंह बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर अजय महानंद को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की दो दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। जप्त वाहनों की कुल कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार विशेष टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान अजय महानंद एक दोपहिया वाहन में घूमता मिला। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने पर टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुरानी बस्ती और विधानसभा थाना क्षेत्र से दो वाहन चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी के कब्जे से स्कूटी एक्सेस क्रमांक CG 04 QB 5293 तथा होंडा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 AD 4368 जप्त की गई है। आरोपी अजय महानंद के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और मारपीट सहित आधा दर्जन से अधिक अपराध दर्ज हैं। इस कार्रवाई में डीसीपी क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला के निर्देशन तथा थाना पुरानी बस्ती थाना प्रभारी विनय सिंह बघेल के नेतृत्व में कार्यवाही की गई।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज







