पत्रकारों ने साझा किए अपने विचार, प्राचार्य जी.आर. भारद्वाज ने जताया आभार

स्लीमनाबाद। ग्रेस मिशन इंग्लिश मीडियम स्कूल में समाचार प्रतिनिधि पत्रकारों के सम्मान में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में तहसील क्षेत्र के पत्रकारों ने सहभागिता करते हुए विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ के सामने अपने विचार साझा किए। इस दौरान पत्रकारिता की भूमिका, निष्पक्ष समाचार लेखन, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक बदलाव में मीडिया के योगदान जैसे विषयों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

सच को सामने लाना पत्रकारिता का दायित्व

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पत्रकारों ने कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य समाज के सामने सच्चाई को निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ प्रस्तुत करना है। पत्रकार समाज का सजग प्रहरी होता है, जो जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के साथ ही सामाजिक गतिविधियों पर भी नजर रखता है। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि समाचार लिखते समय तथ्यों की पुष्टि, निष्पक्षता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देना आवश्यक है।

पत्रकारों ने कहा कि यदि किसी विद्यालय या संस्था में कोई गलत गतिविधि सामने आती है, तो पत्रकार का दायित्व है कि वह उसे समाचार के माध्यम से समाज के सामने रखे। इसका उद्देश्य किसी की छवि खराब करना नहीं, बल्कि कमियों को उजागर कर उनमें सुधार की संभावना पैदा करना है। यदि कोई व्यक्ति या संस्था समाचार के माध्यम से सामने आई अपनी कमियों को स्वीकार कर उनमें सुधार करती है, तो यही पत्रकारिता की सार्थकता है।

कबीरदास के दोहे से समझाया आलोचना का महत्व

पत्रकारों ने संत कबीरदास के प्रसिद्ध दोहे ‘निंदक नियरे राखिए, आंगन कुटी छवाय। बिन पानी साबुन बिना, निर्मल करे सुभाय॥’ का उल्लेख करते हुए कहा कि आलोचना करने वाले व्यक्ति को हमेशा नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। कई बार आलोचना हमारी कमियों को पहचानने और स्वयं में सुधार करने का अवसर देती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए अपनी गलतियों को स्वीकार करना और उनसे सीखना जरूरी है।

पहली बार शुरू हुई सम्मान की पहल

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य जी.आर. भारद्वाज ने सभी पत्रकारों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के सम्मान की यह पहल विद्यालय में पहली बार शुरू की गई है। पत्रकारों के अनुभवों और विचारों से विद्यालय के समूचे स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं को महत्वपूर्ण सीख मिली है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज को जागरूक करने का सशक्त माध्यम है और ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले लोगों के अनुभव जानने का अवसर मिलता है। आगामी समय में इस कार्यक्रम को और व्यापक रूप से आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम का उद्देश्य पत्रकारों के योगदान को सम्मान देना, विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

इस अवसर पर अरविंद अग्रहरि, संतोष राजपाल, लखन दुबे, अनिल दीवान, मनोज मिश्रा, अजय विश्वकर्मा, संदीप मौर्य सहित तहसील क्षेत्र के पत्रकार, विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Comments are closed.

Exit mobile version