विभागीय TET कराने पर शिक्षा मंत्री की सहमति, सेवा सुरक्षा और वरिष्ठता आधारित पदोन्नति का रास्ता निकालने का आश्वासन

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में TET को लेकर आंदोलनरत शिक्षकों के लिए बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल के साथ शिक्षा मंत्री की हुई बैठक में सेवारत शिक्षकों के लिए अलग से विभागीय TET आयोजित कराने पर सहमति बनी है। विभागीय TET वर्ष में तीन बार आयोजित कराने के सुझाव पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।

शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित योग्यता के दायरे में सेवारत शिक्षकों को लाने के लिए विभागीय परीक्षा का विकल्प अपनाने का भरोसा दिलाया। परीक्षा के लिए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों को केंद्र बनाने तथा न्यूनतम उत्तीर्णांक 33 अंक रखने का सुझाव भी रखा गया।

पदोन्नति और सेवा लाभ पर भी सकारात्मक चर्चा

बैठक में पूर्व में हुई DPC के रिक्त पदों पर पूर्व नियमों के तहत वेटिंग लिस्ट से प्राचार्य पदोन्नति, E-संवर्ग के व्याख्याताओं की पदोन्नति तथा प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला प्रधान पाठक पदों पर वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति का रास्ता निकालने पर सकारात्मक चर्चा हुई।

इसके अलावा प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना, पुरानी पेंशन, शिक्षक एलबी संवर्ग को समस्त देय लाभ, वेतन विसंगति दूर करने और केंद्रीय वेतनमान लागू करने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इन मांगों के संबंध में वित्त विभाग को प्रस्ताव भेजने का आश्वासन दिया गया।

नए भर्ती-पदोन्नति नियम में संशोधन का भी रास्ता खुला

शिक्षक मोर्चा ने वर्ष 2026 के नए भर्ती एवं पदोन्नति नियम में आवश्यक संशोधन की मांग रखी। इस पर शिक्षा मंत्री ने संगठनों से सुझाव लेकर नियमों में सुसंगत संशोधन किए जाने की बात कही।

वहीं सेवारत शिक्षकों के लिए पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय से B.Ed. ब्रिज कोर्स कराने की मांग पर भी व्यापक चर्चा हुई। मोर्चा द्वारा 19 अगस्त को ACERT रायपुर में दिए गए सुझाव पत्र के आधार पर विस्तृत मसौदा तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए जाने की जानकारी दी गई।

शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने बताया सकारात्मक संकेत

बैठक के बाद मोर्चा के प्रांतीय संयोजक संजय शर्मा, वीरेंद्र दुबे एवं केदार जैन ने सरकार के रुख को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि विभागीय TET और सेवा सुरक्षा को लेकर मिला आश्वासन शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण राहत की उम्मीद जगाता है, अब सरकार को इन आश्वासनों का शीघ्र क्रियान्वयन करना चाहिए।

मोर्चा के जिला संयोजक परमेश्वर निर्मलकर ने बताया कि बैठक में शिक्षकों की प्रमुख मांगों पर सकारात्मक चर्चा हुई है। इसके बाद मोर्चा ने अपने आक्रामक आंदोलनात्मक रुख में फिलहाल शिथिलता बरतते हुए सांसदों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक प्रमुखों से संवाद जारी रखने का निर्णय लिया है।

बैठक में सुधीर प्रधान, देवनाथ साहू, शैलेंद्र यदु, मनोज सनाढ्य, योगेश सिंह ठाकुर, सुखनंदन साहू, जयंत यादव, बीरबल देशमुख, धर्मेश शर्मा, चंद्रशेखर तिवारी, ताराचंद जायसवाल, ममता खालसा सहित जिला एवं ब्लॉक स्तर के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो पुलिस वाला न्यूज गरियाबंद

Comments are closed.

Exit mobile version