नीमच। दशहरा पर्व पर रावण दहन कार्यक्रम के मद्देनजर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने दशहरा मैदान में की जा रही तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं दशहरा समिति के सदस्यों को सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

कलेक्टर ने दिए निम्न निर्देश—

– डबल बैरिकेडिंग: दशहरा मैदान में सुरक्षा की दृष्टि से इनर एवं आउटर बैरिकेडिंग की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि रावण दहन के दौरान कोई भी व्यक्ति रावण के पुतले तक नहीं पहुंच सके।

– भीड़ प्रबंधन:कार्यक्रम के दौरान आवागमन एवं भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था की जाए।

– पार्किंग व्यवस्था: वाहनों की पार्किंग के लिए निर्धारित स्थानों पर आवश्यक इंतजाम किए जाएं।

– प्रवेश एवं निकास: मैदान में प्रवेश और बाहर निकलने के लिए अलग-अलग मार्गों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आवागमन सुचारु बना रहे।

– अग्निशमन व्यवस्था: दशहरा मैदान में दो फायर ब्रिगेड तैनात रखी जाएं तथा एक फायर ब्रिगेड मैदान के बाहर तैयार स्थिति में उपलब्ध रहे।

– एंबुलेंस की व्यवस्था: किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

– आतिशबाजी में सावधानी: रावण दहन के दौरान रॉकेट का उपयोग नहीं किया जाए। आतिशबाजी के लिए कम दूरी तक जाने वाले एवं अच्छी गुणवत्ता ke पटाखों का ही उपयोग किया जाए तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया जाए।

– समुचित सुरक्षा प्रबंध: आयोजन से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं तथा संबंधित अधिकारी एवं दशहरा समिति आपसी समन्वय से कार्य करें।

– मनासा एवं जावद में निरीक्षण: कलेक्टर ने अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल को मनासा एवं जावद में रावण दहन कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि दशहरा पर्व असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। सभी नागरिक इस पर्व को सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे एवं उत्साह के साथ मनाएं। आयोजन को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल, एसडीएम नीमच पराग जैन, सिटी एसपी सुश्री किरण चौहान, सीएमओ श्रीमती दुर्गा बामनिया, दशहरा समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य, तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं जन उपस्थित रहे।

जिला ब्यूरो ललित सिंह चुंडावत नीमच✍️

Leave A Reply

Exit mobile version