रायपुर में सेंट्रल बैंक के जोनल ऑफिस में लगी भीषण आग, सूझबूझ से पाया गया काबू

रायपुर, 06 जून 2026: राजधानी के जयस्तम्भ चौक स्थित बॉम्बे मार्केट के पीछे सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जोनल ऑफिस में आज सुबह अचानक भीषण आग लग गई। सुबह लगभग 9 बजे जब सफाई कर्मचारियों ने कार्यालय से धुआं उठते देखा, तो तुरंत इसकी सूचना आस-पास के लोगों और स्थानीय पुलिस को दी। अचानक लगी इस आग से इलाके में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया, जिसके बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंची। प्रशासनिक मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई की बदौलत समय रहते आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना के वक्त कार्यालय बंद था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल, भवन और बैंक के दस्तावेजों को पहुंचे नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है। इस पूरे रेस्क्यू और बचाव कार्य में एसडीएम श्री नंद कुमार चौबे, जिला सेनानी नगर सेना श्री पुष्पराज सिंह और रायपुर तहसीलदार श्री राममूर्ति दीवान सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी घटना स्थल पर सक्रिय रूप से डटे रहे।

रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव 

ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply