रायपुर: राजधानी रायपुर में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए नॉर्थ जोन पुलिस द्वारा एक विशेष मुसाफिर चेकिंग अभियान चलाया गया। यह व्यापक अभियान पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) श्री मयंक गुर्जर (भा.पु.से) के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री आकाश मरकाम एवं सहायक पुलिस आयुक्त सुश्री पूर्णिमा लामा के निर्देशन में सफलतापूर्वक संचालित किया गया। इसके तहत खमतराई, उरला, गुढ़ियारी, पंडरी और खम्हारडीह थाना प्रभारियों तथा उनके पुलिस स्टाफ ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों की धरपकड़ व सघन जांच की।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने अस्थाई रूप से रह रहे लोगों, डेरों और बाहरी घूमंतू व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके आने का कारण जाना और उनकी संदिग्ध गतिविधियों का सत्यापन किया। इस प्रक्रिया में संबंधित व्यक्तियों के पहचान पत्रों की जांच कर उनके आवश्यक अभिलेख तैयार किए जा रहे हैं। साथ ही, सभी संदिग्धों का पृथक से एस.एस. रोल तैयार कर आवश्यकतानुसार चालान और वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने आस-पास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देकर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

