रायपुर: मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 5.65 करोड़ का नशा नष्ट
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन ने नशे के सौदागरों और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ एक बेहद कड़ा और निर्णायक कदम उठाया है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला (IPS) के कुशल मार्गदर्शन में, जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति ने सिलतरा स्थित एमएस एसएमएस वाटरग्रेस एनवायरोप्रोटेक्ट प्राइवेट लिमिटेड में लगभग 5.65 करोड़ रुपये मूल्य के जप्त मादक पदार्थों को विधिवत नष्ट कर दिया है।
इस पूरी कार्रवाई को सुरक्षा और पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए पारदर्शी तरीके से अंजाम दिया गया। इस महत्वपूर्ण नष्टीकरण प्रक्रिया की अध्यक्षता पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) आईपीएस उमेश प्रसाद गुप्ता ने की। इस दौरान मौके पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) श्री तारकेश्वर पटेल एवं जिला आबकारी अधिकारी श्री राजेश कुमार शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मध्य जोन के विभिन्न थानों में दर्ज कुल 97 प्रकरणों के तहत जप्त किए गए भारी मात्रा में गांजा, नशीली टैबलेट, चरस, ब्राउन शुगर, एमडीएमए और कोकेन को पूरी वैधानिक प्रक्रिया और वीडियोग्राफी के साथ नष्ट किया गया। रायपुर पुलिस प्रशासन ने इस कार्रवाई के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है कि वे केवल तस्करों को जेल भेजने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वित्तीय जांच और पीआईटी-एनडीपीएस के जरिए नशे के पूरे आर्थिक तंत्र को नेस्तनाबूद कर एक सुरक्षित और नशामुक्त समाज बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
