रायपुर। राजधानी में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था को मजबूत करने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा एक बड़ा अभियान चलाया गया है। कमिश्नरेट के मध्य जोन में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) श्री उमेश गुप्ता के निर्देशन में पुलिस ने बीते एक सप्ताह में चौतरफा कार्रवाई करते हुए कुल 154 व्यक्तियों को जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया है। रायपुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अपराधियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की सर्वोच्च प्राथमिकता क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य के तहत पुलिस उपायुक्त श्री उमेश गुप्ता के नेतृत्व में मध्य जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में फरार वारंटियों, आदतन अपराधियों और संदिग्धों के खिलाफ एक सघन चेकिंग और धरपकड़ अभियान शुरू किया गया। इस अभियान के दौरान पुलिस ने कमिश्नरेट के अंतर्गत मिलने वाले कानूनी अधिकारों और प्रतिबंधात्मक धाराओं का कड़ाई से पालन किया।
इस विशेष अभियान के दौरान मध्य जोन की पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 61 स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों को ढूंढ निकाला और उन्हें गिरफ्तार कर सीधे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। इसके साथ ही, शहर की सार्वजनिक शांति, कानून व्यवस्था और सुरक्षा को प्रभावित करने वाले 93 संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ नए कानून की धारा 170 बीएनएसएस (भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता) के तहत कड़ा रुख अपनाते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।
इस व्यापक अभियान के तहत मध्य जोन के अलग-अलग थानों ने सक्रिय भूमिका निभाई। थाना गंज पुलिस ने सबसे ज्यादा 36 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की, जबकि तेलीबांधा पुलिस ने 34 और सिविल लाइन पुलिस ने 25 लोगों को दबोचा। इसके अलावा कोतवाली पुलिस द्वारा 19, गोलबाजार पुलिस द्वारा 18, देवेंद्र नगर पुलिस द्वारा 12 और मौदहापारा पुलिस द्वारा 10 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई। इस प्रकार एक ही सप्ताह के भीतर कुल 154 लोगों पर कानूनी गाज गिरी।
मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी श्री उमेश गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि रायपुर पुलिस का अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार ऐसे संदिग्ध और शातिर व्यक्तियों की पहचान कर रही है और उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि राजधानी के हर क्षेत्र में शांति, अमन-चैन और सुरक्षा का माहौल पूरी तरह कायम रहे।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़

Comments are closed.