दुर्ग
रायपुर-दुर्ग नेशनल हाईवे पर कुम्हारी ओवरब्रिज के पास चंदनडीह क्षेत्र में भारी जलभराव के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है और वाहनों की आवाजाही काफी धीमी गति से चल रही है। इसके साथ ही निर्माण कार्य के चलते सिरसा गेट मार्ग को भी पूरी तरह से बंद कर दिया गया है, जिससे वहां से किसी भी प्रकार के वाहनों का निकलना प्रतिबंधित है। इस स्थिति को देखते हुए दुर्ग यातायात पुलिस ने आम नागरिकों के लिए एक विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है ताकि लोगों को सुगम और सुरक्षित आवागमन मिल सके।
पुलिस ने यातायात का दबाव कम करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से रायपुर जाने वाले वाहनों के लिए चार वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। राजनांदगांव की ओर से आने वाले भारी वाहनों को अंजोरा बाईपास, पुलगांव चौक, अंडा, रिसामा, गाड़ाडीह, मर्रा, जामगांव (एम), मोतीपुर और अमलेश्वर होते हुए रायपुर भेजा जा रहा है। वहीं, बालोद की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को भी इसी प्रकार अंडा से रिसामा, मर्रा, जामगांव और अमलेश्वर के रास्ते रायपुर की ओर डायवर्ट किया गया है।
इसके अलावा, ट्रांसपोर्ट नगर, भिलाई या नेशनल हाईवे से रायपुर जाने वाले वाहनों के लिए अहिरवारा मोड़ से कुम्हारी, मुरमुंडा चौक, कोचेबंद, मलपुरी कला, भालेसर, कंडरका चौक, पथरीडी, उरला और बिरगांव का मार्ग तय किया गया है। भिलाई और भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के कर्मचारियों की सुविधा के लिए उतई, सेलूद, फूंडा और मोतीपुर मार्ग का विकल्प दिया गया है।
दुर्ग पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे रायपुर की ओर यात्रा शुरू करने से पहले पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें और अनिवार्य रूप से इन्हीं वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। पुलिस ने नागरिकों से सिरसा गेट मार्ग पर न जाने, प्रभावित क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से प्रवेश न करने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करने का आग्रह किया है।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़







