महादेव घाट रोड स्थित ए.के. गोयल स्कूल में बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी देने के साथ-साथ स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन यातायात विभाग तथा उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल, भाटागांव के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और यातायात नियमों व स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद स्कूल के डायरेक्टर अशोक अग्रवाल ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। प्राचार्य अजय साहू ने अतिथियों का सम्मान करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए और आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में उपस्थित एसीपी यातायात सीमा अहिरवार ने बच्चों को यातायात नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सड़क पर चलते समय हेलमेट, सीट बेल्ट, रेड लाइट और जेब्रा क्रॉसिंग का पालन करना कितना जरूरी है। उन्होंने कहा कि छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए नियमों का पालन ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।
तेलीबांधा यातायात थाना प्रभारी भुनेश्वर साहू ने यातायात नियमों से संबंधित धाराओं के बारे में बताते हुए बच्चों के अनमोल जीवन को सुरक्षित रखने के टिप्स दिए। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे खुद नियम मानें और अपने माता-पिता को भी नियम मानने के लिए प्रेरित करें।
उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल की डायरेक्टर नम्रता सिंह ने बच्चों को मोबाइल से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने सोशल मीडिया के लाभ और दुष्परिणामों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि मोबाइल का जरूरत से ज्यादा उपयोग आंखों, दिमाग और पढ़ाई तीनों के लिए हानिकारक है।
अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. विनोद सिंह ने बच्चों को जंक फूड से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने अभिभावकों को पौष्टिक आहार के बारे में विस्तृत जानकारी दी और बताया कि स्वस्थ शरीर के लिए संतुलित भोजन, पर्याप्त नींद और नियमित खेलकूद बहुत जरूरी है।
इस अवसर पर यातायात विभाग एवं उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल द्वारा एक जागरूकता पत्रिका का भी विमोचन किया गया। इस पत्रिका में अभिभावकों के लिए बच्चों को स्वस्थ रखने, सोशल मीडिया से दूर रखने तथा यातायात नियमों का पालन करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई है। इस पहल की सभी ने सराहना की।
शिविर के दौरान लगभग ढाई सौ बच्चों के रक्त परीक्षण तथा सांस संबंधी बीमारियों की जांच की गई। एसीपी सीमा अहिरवार ने इस जांच शिविर को सराहनीय पहल बताते हुए अस्पताल प्रबंधन को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल के समस्त शिक्षकगण व अभिभावक मौजूद रहे। वहीं बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
