रायगढ़
रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता से देर रात एक बड़ी बैंक डकैती टल गई। गेरवानी चौक स्थित ‘इंडिया वन’ एटीएम को गैस कटर से काटकर लाखों की नकदी उड़ाने की कोशिश कर रहे आरोपी पंकज कुमार पासवान को पुलिस ने रंगे हाथ दबोच लिया। पेट्रोलिंग के दौरान मिली सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को उस वक्त पकड़ा जब वह मशीन को क्षतिग्रस्त कर चुका था। झारखंड निवासी आरोपी ने कर्ज के दबाव में इस वारदात की योजना बनाई थी, जिसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस शानदार सफलता पर एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने पुलिस टीम की मुस्तैदी की सराहना करते हुए कहा कि सतर्क पुलिसिंग के कारण ही आज एक बड़ा अपराध टल सका है। उन्होंने थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के कुशल नेतृत्व और गश्त टीम के जांबाज आरक्षक चंद्रशेखर चंद्राकर, विक्रांत भगत एवं नरेंद्र कुमार पैकरा की सूझबूझ को देखते हुए तीनों आरक्षकों को नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया कि जनता की सुरक्षा के लिए रायगढ़ पुलिस सदैव तत्पर और मुस्तैद है।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
