रायगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात’: रेलवे स्टेशन के बाहर 18 किलो गांजे के साथ ओडिशा के तीन तस्कर गिरफ्तार
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत रायगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी सफलता अर्जित की है। थाना कोतवाली, साइबर सेल और जीआरपी की संयुक्त टीम ने रायगढ़ रेलवे स्टेशन के पार्किंग क्षेत्र में घेराबंदी कर ओडिशा के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से लगभग 17.726 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के समीप शिव मंदिर के पास तीन संदिग्ध व्यक्ति भारी मात्रा में नशीले पदार्थ के साथ वाहन का इंतजार कर रहे हैं। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर कंधमाल (ओडिशा) निवासी सिद्धांत गोन्डा, कश्यप साहनी और चंद्रिका साहनी को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के बैग और ट्रॉली में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल बाजार मूल्य लगभग 1,76,000 रुपये आँका गया है। आरोपियों के पास से गांजे के अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इस खेप को ओडिशा से लाकर मध्यप्रदेश के खुरई में खपाने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने तीनों तस्करों के विरुद्ध थाना कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने इस कार्रवाई पर सख्त संदेश देते हुए कहा कि जिले में नशे का अवैध नेटवर्क चलाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और ऐसे अपराधियों की पहचान कर उन पर कानूनी शिकंजा कसा जाना जारी रहेगा।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक, रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक कुलदीप कुमार, उप निरीक्षक डी.के. सिंह, उप निरीक्षक ए.के. देवांगन, एएसआई कोसो जगत, आरक्षक उत्तम सारथी, प्रदीप मिंज, गणेश राठिया, शिव विभोर मिश्रा, महिला आरक्षक हेमलता एक्का सहित टास्क टीम-1 बिलासपुर के प्रधान आरक्षक रजनीश द्विवेदी, रणवीर और आरक्षक बैद्धनाथ एवं समस्त साइबर स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
