डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया

जिले में बढ़ती पेयजल आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट दूर करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा विभिन्न विकासखण्डों में 25 नए हैंडपंप खनन एवं स्थापना की स्वीकृति प्रदान की गई है।

यह स्वीकृति मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिला स्तरीय समिति द्वारा प्रस्तावों के परीक्षण के बाद दी गई। समिति का गठन सांसद, विधायक, जनसुनवाई एवं जिला भ्रमण के दौरान प्राप्त मांगों और अनुशंसाओं के आधार पर किया गया था।

प्राप्त प्रस्तावों के परीक्षण उपरांत समनापुर, अमरपुर, डिंडोरी, बजाग, शहपुरा, मेंहदवानी एवं करंजिया विकासखण्डों की कुल 25 पेयजल प्रभावित बसाहटों में नए हैंडपंप स्थापित किए जाने की अनुशंसा की गई है।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री अफजल अमानुल्लाह ने बताया कि इन हैंडपंपों के स्थापित होने से ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा और जल संकट से काफी हद तक राहत मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सभी कार्य शासन के निर्धारित मानकों के अनुसार प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराए जाएंगे।

प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि स्वीकृत स्थलों पर शीघ्र कार्य प्रारंभ किया जाएगा, ताकि भीषण गर्मी के दौरान ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े।

Comments are closed.

Exit mobile version